पॉश कॉलोनी जवाहर नगर में घरों के बाहर 'पलायन हेतु मजबूर' लिखे पोस्टर

आगरा। शहर की पॉश कॉलोनी जवाहर नगर में घरों के बाहर "पलायन हेतु मजबूर" लिखे पोस्टर लग गए हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि कॉलोनी में ये पोस्टर क्यों और किसने लगाए हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस एक्टिव हो गई है।

Oct 13, 2024 - 17:45
Oct 13, 2024 - 18:05
 0
पॉश कॉलोनी जवाहर नगर में घरों के बाहर 'पलायन हेतु मजबूर' लिखे पोस्टर
जवाहर नगर कॉलोनी में घरों के बाहर लगे पलायन को मजबूर लिखे पोस्टर।

चर्चाओं में यह बात सामने आ रही है कि कॉलोनी में खाली पड़े एक भूखंड पर लोगों ने भगवान शिव परिवार का मंदिर बना रखा था, वहां किसी व्यक्ति ने रात के समय मूर्तियां हटवा दीं। इस व्यक्ति का कहना है कि उसने इस प्लॉट को खरीद लिया है जबकि कॉलोनी के लोग इसे सार्वजनिक स्थान बता रहे हैं। हालांकि ये केवल चर्चा पर आधारित जानकारी है, पुलिस जांच में इसकी पुष्टि होना शेष है।

कहा जा रहा है कि आज सुबह कॉलोनी के घरों के बाहर  "पलायन हेतु  मजबूर" के पोस्टर लगे देखे गए। कॉलोनी में एक दो नहीं, दर्जन भर से अधिक घरों के बाहर इस तरह के पोस्टर लगे हुए हैं। हालांकि संबंधित घरों में रह रहे लोगों से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी जानकारी से इनकार कर दिया। ऐसे में यह रहस्य और गहरा गया है कि ये पोस्टर किसने और क्यों लगाए। जवाहर नगर कॉलोनी न्यू आगरा क्षेत्र के अंतर्गत आती है और यह बाईपास और भदावर हाउस के बीच स्थित है।

इस बारे में पूछे जाने पर अपर पुलिस आयुक्त केशव चौधरी ने कहा कि उनकी जानकारी में मामला आया है और वह इसकी जांच करा रहे हैं। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

SP_Singh AURGURU Editor