प्रिल्यूड में गुरु नानकदेव प्रकाश पर्व पर गूंजे ‘सत श्री अकाल’ के स्वर, बच्चों ने पेश की सेवा की मिसाल
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिवार ने इसे एकता, प्रेम और सेवा के संदेशों से सराबोर आध्यात्मिक उत्सव का रूप दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भक्ति भावना से ओतप्रोत प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें एंड्रोमेडा सदन के विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर आधारित एक प्रेरणादायक नाटक का मंचन किया। इस नाटिका में ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’- सिख धर्म के तीन प्रमुख स्तंभों का महत्व बताया गया। बच्चों ने श्रद्धापूर्वक सतश्री अकाल का उदघोष किया और आनंद कीर्तन प्रस्तुत किए, जिसने वातावरण को भक्ति रस से भर दिया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता और प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने गुरु नानक देव जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। डॉ. गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से गुरु नानक देव जी के उपदेशों को जीवनशैली और मूल्यों के रूप में अपनाने का आह्वान किया और समय के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने शिमला-चंडीगढ़ शैक्षणिक भ्रमण से लौटे कक्षा 6 से 12 तक के 105 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों में दिए गए। ये श्रेणी हैं- सर्वाधिक अनुशासित छात्र, सर्वाधिक आज्ञाकारी छात्र, सर्वाधिक उत्साही छात्र तथा सर्वाधिक अनुशासित कक्षा आदि।
प्रार्थना सभा का संचालन कक्षा 11 के छात्र हर्ष भारद्वाज ने किया जबकि छात्रा अर्शिया मखीजा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों और छात्रों का सहयोग सराहनीय रहा।