प्रिल्यूडः रूपा प्रकाश मेमोरियल मैथमेटिक्स चैंपियनशिप में चमके छात्र, डीपीएस टीम रही विजेता

आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में शनिवार को आयोजित “रूपा प्रकाश मेमोरियल मैथमेटिक्स चैंपियनशिप” में छात्रों ने गणितीय प्रतिभा और तर्कशक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता विद्यालय की संस्थापक शिक्षिका स्व. रूपा प्रकाश की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। प्रतियोगिता में पहला स्थान डीपीएस के दो छात्रों ने हासिल किया।

Nov 8, 2025 - 18:46
 0
प्रिल्यूडः रूपा प्रकाश मेमोरियल मैथमेटिक्स चैंपियनशिप में चमके छात्र, डीपीएस टीम रही विजेता
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में शनिवार को आयोजित रूपा प्रकाश मेमोरियल मैथमेटिक्स प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों के साथ अतिथिगण।

26 विद्यालयों के 52 प्रतिभागियों ने दिखाया गणितीय कौशल

स्व. रूपा प्रकाश 2020 में इस संसार से विदा हो गईं थीं, किंतु उनके शिक्षा-प्रेम और गणित के प्रति समर्पण को आज भी विद्यालय परिवार स्नेहपूर्वक याद करता है। इस वर्ष प्रतियोगिता को अंतर्विद्यालयी स्तर पर विस्तारित किया गया, जिसमें आगरा के 26 विद्यालयों से कक्षा 11वीं और 12वीं के कुल 52 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। तीन कठिन चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद तीन विजेता टीमों को चुना गया।

विजेता टीमें और पुरस्कार

प्रथम स्थान: अतिक्ष मखीजा व दर्श बंसल (दिल्ली पब्लिक स्कूल)- 5100 रुपये, ट्रॉफी व प्रशस्ति-पत्र।

द्वितीय स्थान: अंशक कुमार व अक्षत सिंघल (गायत्री पब्लिक स्कूल, यूनिट 2)- 3100 रुपये, ट्रॉफी व प्रशस्ति-पत्र।

तृतीय स्थान: शिवांश कुलश्रेष्ठ व शिवानी कुमारी (सचदेवा मिलेनियम स्कूल)-  2100 रुपये, ट्रॉफी व प्रशस्ति-पत्र।

सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने किया विद्यालय की परंपरा का सम्मान

मुख्य अतिथि ऒल सेंट्स स्कूल के निदेशक त्रिलोक सिंह राना ने विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपने प्रियजनों की स्मृति में इस तरह का शैक्षिक आयोजन करना न केवल संवेदनशीलता का परिचायक है, बल्कि शिक्षा-जगत के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी है।

जीवन में जीत नहीं, प्रतिभागिता सबसे बड़ी उपलब्धि

विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल जीतना नहीं, बल्कि सीखने की निरंतरता है।
उन्होंने कहा कि रूपा प्रकाश ने अपने समर्पण और प्रतिभा से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। यह प्रतियोगिता उनके योगदान को जीवित रखती है।

विद्यालय के प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने गणित के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जीवन की हर उपलब्धि सही कैलकुलेशन और योजनाबद्ध सोच से ही संभव है।

कार्यक्रम की संचालिका डिंपी महेंद्रु ने कहा कि रूपा प्रकाश न केवल एक उत्कृष्ट शिक्षिका थीं, बल्कि गणित को जीवन से जोड़ने वाली प्रेरणा थीं।
उन्होंने कहा कि रूपा जी गणित को केवल विषय नहीं, बल्कि सोचने की शैली मानती थीं। आज वही ऊर्जा छात्रों के बीच जीवित है।

कार्यक्रम के संचालन में आनंद अग्रवाल, पुनीत दत्ता, राजकुमार सिंह, कपिल देव, बादल शर्मा और रूपाली शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में समूह चित्र के साथ प्रतियोगिता का सौहार्दपूर्ण समापन हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor