प्रिल्यूडियन्स ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, पौधे पाकर खिले नन्हें चेहरे
आगरा। प्राकृतिक संरक्षण की दिशा में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में बुधवार, 6 अगस्त 2025 को एक प्रेरणादायक पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों को पौधे भेंट कर पर्यावरण से जुड़ने और उसकी रक्षा करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुश्री पुनीता यादव (रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर, आगरा) और विशिष्ट अतिथि डीपी सिंह (सेवानिवृत्त डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव व शैक्षणिक प्रमुख डॉ. रश्मि गांधी भी इस प्रेरणादायक पहल में सम्मिलित हुए।
सुश्री पुनीता यादव ने कक्षा नर्सरी से यूकेजी तक के छात्रों को आम, अमरूद, नीम व पीपल सहित लगभग 200 पौधे वितरित किए, जबकि डी.पी. सिंह ने कक्षा 1 से 10 तक के छात्रों को 300 से अधिक पौधे वितरित किए।
इस अवसर पर पुनीता यादव ने कहा, एक छोटा पौधा बड़ा परिवर्तन ला सकता है, बस हमें उसे प्यार और देखभाल देनी होगी। उन्होंने पर्यावरण बचाने के लिए अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। डी.पी. सिंह ने भावुक होकर कहा, हर विद्यार्थी एक पेड़ अपनी मां के नाम पर लगाए, और जैसे माँ की सेवा करते हैं, वैसे ही उस पौधे की करें।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, हम तभी सुरक्षित रह सकते हैं जब हमारी प्रकृति सुरक्षित हो। पौधारोपण महज एक क्रिया नहीं, एक संकल्प है। उन्होंने छात्रों से पौधों के साथ सेल्फी भेजने का आग्रह किया, ताकि उनके संरक्षण के प्रयासों पर निगरानी रखी जा सके।
अंत में, सभी छात्रों ने एक स्वर में पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया और वचन दिया कि वे पौधों की सुरक्षा व देखभाल स्वयं करेंगे।