गौ महिमा महोत्सव की तैयारी शुरू: सेवा भवन से शुभारंभ, पंजीकरण के साथ श्रद्धा का उत्साह

आगरा। श्रावण मास के पावन अवसर पर आगामी गौ महिमा महोत्सव की तैयारियां सेवा भवन, सुल्तानगंज पुलिया के निकट तेज़ी से प्रारंभ हो गई हैं। गुरुवार को समाजसेवी, संत-महंत, गौसेवकों और शिवभक्तों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन और नारियल फोड़कर प्रथम कार्यकारी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम स्थल जय गौ माता और हर हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा।

Jun 26, 2025 - 14:03
Jun 26, 2025 - 14:04
 0
गौ महिमा महोत्सव की तैयारी शुरू: सेवा भवन से शुभारंभ, पंजीकरण के साथ श्रद्धा का उत्साह
सुल्तानगंज पुलिया स्थित सेवा भवन पर नवदिवसीय गौ महिमा महोत्सव हेतु कार्यालय शुभारंभ में उपस्थित श्री सनातन केसरी जी महाराज, श्री अरविंद बाबा, विजय ओझा, पार्षद मुरारी लाल गोयल, श्रीमती सुमन गोयल, पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा एवं अन्य गणमान्य।

इस अवसर पर पार्षद मुरारी लाल गोयल ‘पेंट वाले’ व ऋषि उपाध्याय ने बताया कि 14 जुलाई से सूरसदन में आरंभ होने वाले नवदिवसीय गौ महिमा महोत्सव में प्रतिदिन प्रातः कालीन बेला में काशी के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक, गौ पूजन व दान जैसे पुण्य कार्य संपन्न होंगे।

सायंकाल 4 बजे से 8 बजे तक श्री रसराज जी महाराज की अमृतवाणी से शिव महापुराण कथा और देशभर के प्रख्यात संतों द्वारा गौविज्ञान आधारित व्याख्यान प्रस्तुत किए जाएंगे। सुप्रसिद्ध भजन गायकों बाबा चित्रविचित्र जी महाराज और साध्वी पूनम दीदी की भक्ति संगीत संध्या भी श्रद्धालुओं को भावविभोर करेगी।

पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा, ममता सिंघल व कुमकुम उपाध्याय ने जानकारी दी कि 14 जुलाई को सुबह 9 बजे राधाकृष्ण मंदिर, नेहरू नगर से कार्यक्रम स्थल सूरसदन तक विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें लगभग 1500 महिलाएं सिर पर कलश लेकर भाग लेंगी। इसके लिए विभिन्न केंद्रों पर पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है।

कलश यात्रा के लिए यहां पंजीकरण कराएं

-सेवा भवन, सुल्तानगंज पुलिया।

-भारद्वाज फाइनेंशियल सर्विसेज, संजय प्लेस।

-उमा दत्त शर्मा, रोशन बाग, दयालबाग।

-ममता सिंघल, कृष्णा अपार्टमेंट, बल्केश्वर।

-कैला चामुंडा देवी मंदिर, बल्केश्वर।

-शिव मंदिर, जनक पार्क, कमला नगर।

-आशा अग्रवाल, लोहिया नगर, बल्केश्वर।

-शशि गुप्ता, न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर।

कार्यालय शुभारंभ कार्यक्रम में श्री सनातन केसरी जी महाराज, श्री अरविंद बाबा, श्री विजय ओझा, पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा, पार्षद मुरारी लाल गोयल, श्रीमती सुमन गोयल, प्रवीण भारद्वाज, ममता सिंघल, मीनाक्षी शर्मा, प्रियंका ठाकुर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor