केंद्रीय जेल की क्षमता बढ़ाने की तैयारी, डीएम, जिला जज और अपर पुलिस आयुक्त ने परखी व्यवस्थाएं
आगरा। आगरा जनपद में जिला कारागार एवं केंद्रीय कारागार का आज उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक तथा अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और अनुभव जाने।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सीय सुविधाएं, प्रतिदिन की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधिक सहायता से जुड़ी कार्यवाहियों की विस्तार से समीक्षा की। बंदियों ने अधिकारियों को बताया कि कारागार में उन्हें आवश्यक सुविधाएं और उचित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण दल ने कारागार परिसर में स्थित चिकित्सालय का भी दौरा किया। वहां भर्ती बंदी मरीजों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनी गईं और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद मेडिसिन स्टॉक रूम का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर एवं रिकॉर्ड के रख-रखाव की जांच की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए बंदियों को सर्दी से बचाव हेतु गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। साथ ही कारागार की पाकशाला का निरीक्षण कर मौके पर तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा गया। जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक ने केंद्रीय कारागार में निरुद्ध कुल बंदियों की संख्या एवं कारागार की वर्तमान क्षमता की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि क्षमता बढ़ाए जाने के संबंध में प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जा चुका है।
इस अवसर पर अपर जिला जज दिव्यानंद दुबे, केंद्रीय कारागार अधीक्षक ओपी कटियार, डिप्टी जेलर विशाल मद्धेशिया, शिवम कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य कारागार प्रशासन को और अधिक मानवीय, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना बताया गया।