महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियां जोरों पर : समरसता, सेवा और संस्कृति का संदेश
आगरा। शहर में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियां पूरे उत्साह और भक्ति भाव से चल रही हैं। शहर की विभिन्न समितियां सामाजिक एकता, सेवा और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देने वाले आयोजनों में जुटी हैं। कहीं पोस्टर और पत्रिका विमोचन से महोत्सव का आगाज़ हुआ तो कहीं जरूरतमंदों को साड़ियों का वितरण कर सेवा का संकल्प दोहराया गया।
अग्र मिलन समिति कर्मयोगी का पोस्टर विमोचन समारोह
वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में अग्र मिलन समिति, कर्मयोगी द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य पोस्टर विमोचन हुआ। मुख्य अतिथि कांता प्रसाद अग्रवाल, संरक्षक सतीश चंद्र अग्रवाल, डीसी गोयल, शकुन गोयल और रामप्रसाद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी अवसर पर संस्था की पत्रिका अग्र उन्नति का विमोचन भी हुआ।
मुख्य अतिथि कांता प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन सहयोग, परोपकार और समरसता का संदेश देता है, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है। समिति अध्यक्ष पवन बंसल ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत रक्तदान शिविर से हो चुकी है।
20 सितंबर को प्रातः 7:30 बजे आमंत्रण यात्रा कर्मयोगी एनक्लेव से निकलेगी। 21 सितंबर को मेहंदी एवं संगीत समारोह होगा। 22 सितंबर को हवन और शाम को शोभायात्रा निकलेगी। 23 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह होगा।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी संजय अग्रवाल (तोती भाई), विजय अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, हरीश गोयल, सुमित गर्ग, शुभम अग्रवाल, पार्षद कंचन बंसल, संजीव अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, गौरव बंसल सहित बड़ी संख्या में अग्रबन्धु मौजूद रहे।
श्री राम सेवा समिति ने अग्रसेन जयंती से पूर्व सेवा कार्य
बल्केश्वर क्षेत्र में श्री राम सेवा समिति ने महाराजा अग्रसेन जयंती से पूर्व जरूरतमंद 121 महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन स्वरूप अमित अग्रवाल और महारानी माधवी स्वरूप रेखा अग्रवाल ने सभी को साड़ी भेंट की और समिति के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया।
संस्थापक बॉबी जौनई और अध्यक्ष प्रदीप मंगल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन सेवा और सहयोग के आदर्शों से जुड़ा है। कार्यक्रम संयोजक वीके अग्रवाल ने बताया कि समिति द्वारा 20 सितंबर को यात्रा, 22 को हवन और शोभायात्रा तथा 23 को सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर नीतू अग्रवाल, कुमकुम उपाध्याय, राखी अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, केशव अग्रवाल, भोलानाथ अग्रवाल, चंद्रेश गर्ग, विक्की गर्ग, रजनी, आशा, कंचन और आरती सहित कई सदस्य मौजूद रहे।