बरेली सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा भुगत रहे कैदी ने फांसी लगाकर दी जान, दो निलंबित
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश की बरेली सेंट्रल जेल-2 में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने शुक्रवार देर रात बैरक के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कैदी अंकित (27) मेरठ जिले के परतापुर थाना क्षेत्र के गंगोल गांव का निवासी था, जिसे हत्या और गंभीर धाराओं में दोषी ठहराए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। बिथरी चैनपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कैदी ने बैरक के गेट के अड़गड़े से कपड़ा बांधकर आत्महत्या की।
जेल प्रशासन के अनुसार, अंकित को मेरठ की अदालत ने 14 जनवरी 2021 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उसे इस वर्ष 2 फरवरी को जिला कारागार मेरठ से बरेली सेंट्रल जेल-2 में शिफ्ट किया गया था। वह विशेष सुरक्षा कक्ष के सेल नंबर 04 में दो अन्य बंदियों के साथ बंद था। शुक्रवार रात करीब 1:55 बजे उसने आत्महत्या का प्रयास किया। तैनात जेल वार्डर प्रवीन चौधरी और हेड जेल वार्डर राजेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और उसे समझाया, लेकिन कुछ देर बाद उसने दोबारा गेट के अड़गड़े से फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि अंकित पर झूठे आरोप लगाए गए थे और इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
वरिष्ठ कारागार अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जेल स्टाफ की लापरवाही सामने आई है। इसी आधार पर हेड जेल वार्डर राजेन्द्र सिंह और वार्डर प्रवीन चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि वार्डर राजेश कुमार के खिलाफ भी कठोर विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की गई है।