धर्मध्वजा के संग निकली शोभायात्राः कमला नगर में मुनिसंघ के मंगल प्रवेश पर उमड़ी आस्था
आगरा। आगरा के कमला नगर क्षेत्र में रविवार को आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब सकल दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में पूज्य मुनिसंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। कर्मयोगी एनक्लेव स्थित नेमिनाथ जिनालय से लेकर डी ब्लॉक कमला नगर तक निकली विशाल शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय बना दिया और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:15 बजे महावीर जिनालय से पदयात्रा के रूप में हुई, जो कर्मयोगी एनक्लेव स्थित नेमिनाथ जिनालय पहुंची। यहां पूज्य विलोक सागर जी महाराज एवं विबोध सागर जी महाराज ससंघ की भव्य अगवानी की गई।
बैंड-बाजों और पुष्पवर्षा के बीच निकली अनुशासित शोभायात्रा
नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, कर्मयोगी एनक्लेव से डी ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई। भगवान महावीर की सुसज्जित बग्गी आकर्षण का केंद्र रही। धर्म ध्वज के साथ अनुशासित श्रद्धालुओं की कतारें दिखीं। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत हुआ। पूरा मार्ग जय जिनेन्द्र के उद्घोष से गूंज उठा।
मंदिर परिसर में आगमन के बाद 21 थालों द्वारा पाद प्रक्षालन का पुण्य अवसर प्राप्त हुआ। इसके बाद संत निलय हॉल में विशाल धर्मसभा आयोजित हुई।
मुनि श्री विलोक सागर जी महाराज ने अपने प्रवचनों में संयम, अहिंसा और आत्मकल्याण का गूढ़ संदेश देते हुए जीवन को साधना और शुद्ध आचरण से जोड़ने का आह्वान किया।
सायंकाल आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने अपने आध्यात्मिक प्रश्नों का समाधान प्राप्त किया। आयोजन के अंत में सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।
इस अवसर पर जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, अनिल जैन, नरेश जैन, अनिल रईस, सुभाष जैन, राकेश जैन बजाज, सुमेर जैन पांडया, पवन जैन सहित ग्रेटर कमला नगर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।