नये लुक में रेलवे स्टेशनः ईदगाह से फतेहाबाद और गोवर्धन तक आधुनिक सुविधाओं का विस्तार
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को वर्चुअल माध्यम से ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत देशभर में पुनर्विकसित जिन 103 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करने जा रहे हैं, उनमें उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल के पांच स्टेशन भी शामिल हैं। इन स्टेशनों में ईदगाह आगरा, फतेहाबाद, मंडावर महुवा रोड, गोविंदगढ़ और गोवर्धन रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
-पीएम नरेंद्र मोदी कल देश भर में पुनर्विकसित जिन 103 स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, उनमें आगरा रेल मंडल के पांच स्टेशन भी शामिल
यह जानकारी मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल ने बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि ये सभी स्टेशन अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं, दिव्यांग-अनुकूल व्यवस्था और डिजिटल साज-सज्जा से लैस किए गए हैं, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा।
ईदगाह रेलवे स्टेशन
12.8 करोड़ रुपये से पुनर्विकसित ईदगाह स्टेशन का क्षेत्रफल 2,236 वर्गमीटर तक बढ़ाया गया है। नया प्रवेश द्वार, छह मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, लैंडस्केपिंग, डिजिटल साइनबोर्ड, प्लेटफॉर्म शेल्टर और सरफेसिंग से युक्त यह स्टेशन पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को अब और बेहतर अनुभव देगा।
फतेहाबाद रेलवे स्टेशन
आगरा जिले के ही फतेहाबाद स्टेशन का विकास 2.6 करोड़ रुपये से किया गया है। 520 वर्गमीटर स्टेशन भवन, नया वेटिंग हॉल, 820 वर्गमीटर पार्किंग, डिजिटल साइनेज, दिव्यांग सुविधा युक्त शौचालय, टिकट काउंटर व रैंप इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं।
मंडावर महुवा रोड स्टेशन
2.8 करोड़ रुपये से सजाये गये इस स्टेशन पर 1,320 वर्गमीटर सर्कुलेटिंग एरिया, नए शौचालय, प्लेटफॉर्म शेल्टर, प्रतीक्षालय का आधुनिकीकरण किया गया है। डिजिटल साइन बोर्ड के साथ स्टेशन को सुविधाजनक रूप दिया गया है।
गोविंदगढ़ (राजस्थान) स्टेशन
आगरा रेल मंडल के गोविंदगढ़ रेलवे स्टेशन का विकास 4.26 करोड़ से किया गया है। यहां 805 वर्गमीटर सर्कुलेटिंग एरिया, नया प्रतीक्षालय फर्नीचर, डिजिटल साइनेज और दिव्यांगों के लिए अनुकूलित सुविधाएं अब यात्रियों के लिए सुलभ होंगी।
गोवर्धन रेलवे स्टेशन
आगरा रेल मंडल के ही मथुरा जिले के गोवर्धन रेलवे स्टेशन को 16.34 करोड़ रुपये से नया लुक दिया गया है। यहां नया भव्य फ़साड, 3,800 वर्गमीटर पार्किंग, 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज, 5,134 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म सरफेसिंग, 2,520 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म शेल्टर, विस्तारित प्रतीक्षालय और दिव्यांग सुविधाओं के साथ यह स्टेशन ब्रज क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को नया आधार देगा।
राष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक पहल
प्रधानमंत्री मोदी कल देशभर में इस योजना के अंतर्गत 26,000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना की सौगात देंगे, जो भारतीय रेलवे को नए युग में प्रवेश कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल ने कहा, अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य सिर्फ इन्फ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड नहीं, बल्कि यात्रियों को अनुभव आधारित सुविधा प्रदान करना है। आगरा मंडल के ये स्टेशन अब आत्मनिर्भर भारत की पहचान बनेंगे।
Top of Form
Bottom of Form
Bottom of Form