विवाद के बाद टूंडला के बजरंगियों ने उठाया था राजा खान को, सभी आरोपी गिरफ्तार
आगरा। रामबाग चौराहे से आज शाम दिनदहाड़े अगवा किया गया युवक मुक्त हो गया है। उसका अपहरण टूंडला के बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। चार नामजद तथा एक अज्ञात है। राजा खान नाम के युवक का रामबाग चौराहे से दिनदहाड़े अपहरण हुआ था। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। इसकी खबर मिलते ही आगरा पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने की सारी सीमाएं पर चेकिंग के निर्देश दिए। हर थाना क्षेत्र की पुलिस अपने क्षेत्र में अलर्ट हो गई थी।
युवक को गाड़ी में डालकर ले जाने वाले बजरंग दल के कार्यकर्ता टूंडला के थे। ये युवक राजा खान को लेकर सीधे टूंडला थाने में पहुंचे और कहा इसने हमारे कार्यकर्ता के साथ मारपीट की है। हमें रिपोर्ट दर्ज करानी है।
इंस्पेक्टर टूंडला ने घटना के बारे में जानकारी होने पर कहा कि मामला थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र का है इसीलिए वहीं जाकर रिपोर्ट दर्ज कराएं।
इधर आगरा पुलिस और एसटीएफ बजरंग दल लिखी नीले रंग की उस गाड़ी की तलाश में जुटी हुई थी, जिसमें राजा खान को उठाकर ले जाया गया था। इधर बजरंग दल के कार्यकर्ता राजा खान को टूंडला से लेकर फिर से रामबाग लेकर आ रहे थे लेकिन उन्हें जानकारी हो गई कि आगरा पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। मामला अपहरण का हो गया है। इस पर वह लोग उसे हाईवे पर ही छोड़कर भाग निकले। इस बीच राजा खान ने किसी प्रकार अपने साथी को फोन पर जानकारी दी तो साथी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को इस घटना के बारे में बता दिया।
इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस अपहरणकर्ताओं के पीछे लग गई। राजा खान सकुशल पुलिस के साथ हैं और टूंडला से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके नाम मयंक और रवि चौहान थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब्बार और छोटू को भी पकड़ लिया। राजा खान को टूंडला से एत्मादुद्दौला थाने लेकर आ रहे है। राजा खान की बरामदगी होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।