गांव की संस्कृति संग उमड़ेगी रामभक्ति, श्रीमनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव का पोस्टर विमोचित
आगरा। ग्रामीण परंपराओं को पुनर्जीवित करने और समाज में भाईचारा, जाति-मुक्ति व पशु सम्मान का संदेश देने वाले श्रीरामलीला महोत्सव 2025 की आध्यात्मिक शुरुआत शुक्रवार को श्रीमनःकामेश्वर मंदिर परिसर में पोस्टर विमोचन के साथ हुई। धार्मिक वातावरण में हुए इस समारोह में बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। यह 11 दिवसीय महोत्सव शमसाबाद के गांव दिगनेर स्थित गढ़ी ईश्वरा में 22 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक भव्य रूप से आयोजित होगा।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने जानकारी दी कि महोत्सव का शुभारंभ 22 सितम्बर को प्रातः 6 बजे गढ़ी ईश्वरा की गोशाला में यज्ञ एवं हवन और दुर्गा सप्तशती पाठ से होगा। मध्यप्रदेश से आए पांच आचार्य प्रतिदिन यज्ञ करेंगे। वहीं, संध्याकाल में रुद्राभिषेक और पाषाण प्रतिमाओं का श्रृंगार होगा। प्रतिदिन शाम 6 बजे से वृंदावन की किशोरी रासलीला मंडली भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेगी।
गांव गढ़ी ईश्वरा में भी महोत्सव को लेकर गहन तैयारियां शुरू हो गई हैं। घर-घर रंगाई-पुताई की जा रही है, महिलाएं रंगोलियों से द्वार सजा रही हैं, जिससे पूरा गाँव रामभक्ति में डूबा दिख रहा है।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 26 सितम्बर को निकलने वाली भव्य श्रीराम बरात होगी, जिसमें 24 से अधिक झाँकियां शामिल होंगी। श्रीमनःकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी स्वयं विश्वामित्र का स्वरूप धारण कर स्वरूपों संग शामिल होंगे। श्रीमनकामेश्वर बाल विद्यालय के बच्चे विभिन्न राज्यों की जीवंत झाँकियों से सांस्कृतिक रंग बिखेरेंगे।
विशेष रूप से इंटरनेशनल ताइक्वांडो मास्टर पंकज शर्मा के निर्देशन में बालिकाएं ताइक्वांडो प्रदर्शन के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का संदेश देंगी।
मठ प्रशासक ने बताया कि यह महोत्सव पूर्णत: भक्ति और सेवा पर आधारित है। इसमें बैंड दल निःशुल्क सेवाएं देंगे और श्रवण गंगा समिति के सूर्य प्रताप सिंह की ओर से दर्शनार्थियों के लिए प्रतिदिन निःशुल्क बस सेवा चलाई जाएगी। पूर्णिमा को श्रद्धालुओं के लिए गंगा स्नान हेतु सोरों तक विशेष बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
महंत योगेश पुरी ने कहा कि बाबा श्रीमनकामेश्वर रामलीला महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2021 में हुई थी, जिसका उद्देश्य केवल भगवान और भक्त के बीच सीधा संबंध स्थापित करना है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर हितार्थ आगरा के अध्यक्ष रौनक गुप्ता, भाजपा मनकामेश्वर मंडल अध्यक्ष आदेश सिंघल, लक्ष्मीकांत राजावत, अमर गुप्ता, सुधीर यादव, शिवम शर्मा (पीएल पैलेस होटल), कुमकुम गुप्ता, दीप्ति गर्ग, पार्षद अनुज शर्मा, राहुल, शिमला गुप्ता, अन्ना गुप्ता, विश्व प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।