आगरा में आधुनिक तकनीक से सजीव हुई रामलीला, पुष्पवाटिका में राम-जानकी मिलन

आगरा। शहर की ऐतिहासिक श्रीरामलीला का स्वरूप इस बार पूरी तरह बदला हुआ है। मंच पर सजीव अभिनय और दोनों ओर लगी एलईडी स्क्रीन के दृश्य दर्शकों को ऐसा आभास करा रहे हैं मानो वे स्वयं मिथिला नगरी के पुष्पवाटिका में खड़े हों। न परदे का झंझट, न माइक की गूंज, हर दृश्य जीवंत और हृदयस्पर्शी। यही वजह है कि इस बार दर्शकों की भीड़ हर दिन बढ़ती जा रही है।

Sep 14, 2025 - 22:50
 0
आगरा में आधुनिक तकनीक से सजीव हुई रामलीला, पुष्पवाटिका में राम-जानकी मिलन
उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्रीरामलीला के अंतर्गत रविवार को मंचित लीला की कुछ झलकियां।

श्रीरामलीला में रविवार को पुष्पवाटिका लीला का मंचन किया गया। मंच पर जनकपुरी का दृश्य उभरा, जहां राजा जनक का महल और पुष्पों से सजी वाटिका दिखाई दी। इस सजीवता ने दर्शकों को ऐसा अनुभव दिया मानो वे भी स्वयं उस वाटिका में उपस्थित हों।

इस प्रसंग में माता सीता पुष्प चुन रही होती हैं, तभी भगवान श्रीराम और लक्ष्मण जी पहुंचते हैं। दोनों की नजरें मिलीं और दोनों एक-दूसरे को देखकर मोहित हो गए। सीता जी ने अपनी सहेलियों से मन की इच्छा कही कि वे राम जी को ही पति के रूप में चाहती हैं। दूसरी ओर श्रीराम विश्वामित्र के साथ लौट जाते हैं, जबकि सीता जी गौरा माता के मंदिर में जाकर भगवान राम को पाने की प्रार्थना करती हैं।

लीला में गौरा मंदिर पूजन और अहिल्या उद्धार जैसे नए-निराले दृश्य भी शामिल किए गए, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इससे पहले रावतपाड़ा, जौहरी बाजार और बिजलीघर होते हुए शोभायात्रा निकाली गई। राम और लक्ष्मण घोड़ों पर सवार थे, जबकि जानकी जी अपनी सखियों संग रथ पर बैठी थीं। मार्ग में पुष्पवर्षा कर लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।

जनकपुरी मैदान पर माता जानकी ने अंबिका मंदिर में पूजा की और भगवान राम को पति के रूप में मांगा। देवी अंबिका ने प्रसन्न होकर यह वरदान दिया। इस अवसर पर डॉ. जी.एस. धर्मेश (विधायक छावनी), प्रशांत पुनिया (जिलाध्यक्ष भाजपा), मधु बघेल, संतोष कतरा, शिव कुमार प्रमुख और उपमा गुप्ता ने प्रथम आरती की।

रामलीला कमेटी अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल (विधायक), महामंत्री राजीव अग्रवाल, ताराचंद अग्रवाल, भगवानदास बंसल, मुकेश कुमार अग्रवाल, मनोज अग्रवाल पोली, अंजुल बंसल, आनंद मंगल, विष्णु दयाल, विजय प्रकाश गोयल, संजय अग्रवाल, आयुष तार, अशोक गोयल और मीडिया प्रभारी राहुल गौतम सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कल की लीला
मीडिया प्रभारी राहुल गौतम ने बताया कि सोमवार, 15 सितंबर को शाम 5 बजे लाला चन्नोमल की बारहद्वारी से सीता स्वयंवर की सवारी निकाली जाएगी। इसमें देश-विदेश से आए विभिन्न राजा शामिल होंगे। शाम 7:30 बजे रामलीला मैदान पर धनुष यज्ञ और परशुराम संवाद का मंचन होगा।

SP_Singh AURGURU Editor