विधान परिषद की छह शिक्षक सीटों पर उतरेगा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज

आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की छह शिक्षक सीटों को लेकर राजनीतिक और शिक्षक संगठनों की सक्रियता तेज हो गई है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश ने आगामी एमएलसी शिक्षक चुनाव में सभी छह सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर महासंघ ने मंथन शुरू कर दिया है और चयन एवं स्क्रीनिंग कमेटी का गठन कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

Jul 23, 2026 - 19:30
 0
विधान परिषद की छह शिक्षक सीटों पर उतरेगा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ नेतृत्व की गुरुवार को आगरा में हुई बैठक में मौजूद माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॊ. अनूप शर्मा, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॊ. देवी सिंह नरवार और अन्य पदाधिकारी।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की बैठक डॉ. देवी सिंह नरवार के आवास एचआर स्टेट, आगरा पर आयोजित हुई। बैठक में पहुंचे महासंघ के माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनूप शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की छह शिक्षक सीटों पर संगठन अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगा।

उन्होंने बताया कि लखनऊ, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के एमएलसी का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इन सीटों के लिए नवंबर 2026 में चुनाव प्रस्तावित हैं। महासंघ ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रत्याशियों के चयन के लिए महासंघ ने संस्थापक डॉ. देवी सिंह नरवार को सलेक्शन एंड स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया है, जबकि माध्यमिक संवर्ग के निवर्तमान अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह को कमेटी का संयोजक नियुक्त किया गया है। कमेटी महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से विचार-विमर्श कर योग्य प्रत्याशियों के चयन पर मंथन कर रही है।

डॉ. अनूप शर्मा ने बताया कि मेरठ, आगरा और लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नाम लगभग तय किए जा चुके हैं। वहीं बनारस तथा गोरखपुर सीट के लिए चयन प्रक्रिया अभी जारी है।

बैठक में शिक्षक हितों, संगठन की भूमिका और आगामी विधान परिषद चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई। महासंघ का कहना है कि शिक्षक समुदाय की समस्याओं और मांगों को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए संगठन अपने प्रतिनिधियों को चुनाव मैदान में उतारेगा।

SP_Singh AURGURU Editor