जैन समाज में धर्मोत्सव की गूंज: आचार्य सौभाग्य सागर महाराज के चातुर्मास की तैयारियां, मुनिश्री समत्व सागर महाराज का नॊर्थ ईदगाह मंदिर में मंगल प्रवेश

आगरा। आगरा में इन दिनों जैन समाज धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। एक ओर जयपुर हाउस में लगभग दो दशक बाद आचार्य श्री सौभाग्य सागर जी महाराज ससंघ के वर्षायोग एवं चातुर्मास को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं दूसरी ओर नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में मंगल प्रवेश हुआ।

Jul 24, 2026 - 18:23
 0
जैन समाज में धर्मोत्सव की गूंज: आचार्य सौभाग्य सागर महाराज के चातुर्मास की तैयारियां, मुनिश्री समत्व सागर महाराज का नॊर्थ ईदगाह मंदिर में मंगल प्रवेश
श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति, जयपुर हाउस में आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज के चातुर्मास के कार्यक्रमों की जानकारी देते आयोजक।

20 वर्ष बाद जयपुर हाउस में आचार्य श्री सौभाग्य सागर महाराज का वर्षायोग

श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति, जयपुर हाउस द्वारा शुक्रवार को विहर्ष सभागार भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ के वर्षायोग-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर तपस्वी सम्राट चातुर्मास समिति एवं श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति की ओर से वर्षायोग पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

चातुर्मास समिति के संयोजक नीरज जैन एवं मनोज चेन वालों ने बताया कि लगभग 20 वर्षों बाद जयपुर हाउस में आचार्य श्री का वर्षायोग आयोजित हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। मंदिर समिति अध्यक्ष राकेश जैन परदे वालों ने बताया कि 26 जुलाई को प्रातः 7 बजे श्री दिगंबर जैन मंदिर चैत्यालय से आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश शोभायात्रा के रूप में प्रारंभ होगा।

चातुर्मास मुख्य संयोजक अमित सेठिया एवं राहुल जैन ने बताया कि शोभायात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु पुष्पवर्षा, मंगल आरती एवं जयघोष के साथ आचार्य संघ का स्वागत करेंगे। मंदिर पहुंचने पर मंगल प्रवचन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मंदिर समिति के मंत्री दीपक जैन (मसाले वाले) ने बताया कि 29 जुलाई को जयपुर हाउस स्थित मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी पहुंचेगी। यहां आचार्य श्री ससंघ के सान्निध्य में चातुर्मास कलश स्थापना समारोह भव्य रूप से आयोजित होगा, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आगरा दिगंबर जैन परिषद के महामंत्री मनीष जैन ने बताया कि वर्षायोग के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल मंगल प्रवचन, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर उपाध्यक्ष सुबोध पाटनी ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए स्वागत द्वार, आकर्षक सजावट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर सुबोध जैन पाटनी, विनोद रांवका, विमल जैन, भूषण जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, मालती जैन, मंजीत जैन सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी में मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का श्रद्धा और जयघोष के बीच भव्य मंगल प्रवेश

नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश के बाद मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभातसागर जी महाराज।

शुक्रवार प्रातः नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में युवा श्रुत संवाहक मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभातसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

प्रातः 7 बजे आयोजित मंगल प्रवेश में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिला मंडल, युवाओं एवं बच्चों ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, धर्म जयघोष और भक्ति गीतों के बीच मुनिसंघ का स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की तथा विभिन्न स्थानों पर मंगल आरती और वंदना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरा क्षेत्र जैन धर्म के जयघोषों से गूंज उठा।

श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचने पर समाज के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुनिश्री ससंघ का भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मकल्याण है। संयम, तप, स्वाध्याय और सदाचार ही जीवन को सार्थक बनाते हैं। उन्होंने अहिंसा, सत्य और आत्मचिंतन का संदेश देते हुए सभी को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर राजेश जैन, अशोक जैन, दिनेश जैन, सत्येंद्र जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिला मंडल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor