एकात्म मानववाद के प्रणेता का स्मरणः जयंती पर गूंजे पं. दीनदयाल उपाध्याय के प्रेरणा संदेश

आगरा। भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक, महान चिंतक और एकात्म मानववाद के जनक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से महानगर सहित विभिन्न मंडलों में विचार गोष्ठियों और पुष्पांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत जीवन और अंत्योदय दर्शन को जनमानस के लिए प्रेरणा बताया।

Sep 25, 2025 - 19:51
 0
एकात्म मानववाद के प्रणेता का स्मरणः जयंती पर गूंजे पं. दीनदयाल उपाध्याय के प्रेरणा संदेश
भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर जैन स्मृति भवन के कार्यक्रम में बोलते दुर्विजय शाक्य। अन्य कार्यक्रमों में बोलते सांसद नवीन जैन और विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल।

स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर बन रहा भारत- दुर्विजय शाक्य

भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में जैन स्मृति भवन, जयपुर हाउस पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक जी.एस. धर्मेश, केशो मेहरा, शिव शंकर शर्मा, नागेंद्र गामा आदि ने पुष्प अर्पित कर किया।

मुख्य अतिथि दुर्विजय शाक्य का स्वागत दुपट्टा व पुष्पगुच्छ भेंटकर किया गया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा के जनक और अंत्योदय के प्रणेता हैं। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और सरकार की योजनाओं से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ मिल रहा है।

महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि जयंती अवसर पर भाजपा के सभी 1761 बूथों पर विचार गोष्ठी, माल्यार्पण और “मां के नाम एक पौधा” कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोष्ठी का संचालन महामंत्री हेमंत भोजवानी ने किया।
इस अवसर पर प्रभु दयाल कठेरिया, दिनेश भारत, ओम प्रकाश चलनी वाले, मनोज राजोरा, डॉ. रामबाबू हरित, अरुण पाराशर, महेश शर्मा, अनिल सारस्वत, उपमा गुप्ता, रश्मि धाकड़, भावना शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दीनदयाल जी के सपने को साकार कर रहे पीएम- नवीन जैन

भाजपा दीनदयाल मंडल की ओर से देश दीपक इंटर कॉलेज पर विचार गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और मां के नाम पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

सांसद नवीन जैन ने कहा कि दीनदयाल जी का अंत्योदय और एकात्म मानववाद भारतीय राजनीति को नई दिशा दे रहा है। उनका मानना था कि राष्ट्र की प्रगति समाज के अंतिम व्यक्ति की स्थिति देखकर आंकी जानी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा उसी सपने को साकार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी ने गांव, गरीब, किसान और महिला सशक्तिकरण को राजनीति के केंद्र में लाकर लोकतंत्र को नई मजबूती दी। भाजपा का जनसंघ से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का सफर उन्हीं के विचारों की देन है।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, वरिष्ठ नेता अरुण पाराशर, पूर्व महानगर अध्यक्ष शिव शंकर शर्मा, ओम प्रकाश चलनी वाले, डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, अनिरुद्ध भदौरिया, विजय भदौरिया, संयोजक पूर्व पार्षद सुषमा जैन, पार्षद निरंजन सिंह केन और रवि करोतीया सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दीनदयाल जी के विचार सदैव प्रेरित करते रहेंगे- पुरुषोत्तम खंडेलवाल

बल्केश्वर स्थित जसवंत की छतरी, ओपी पब्लिक स्कूल में संगोष्ठी और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक खंडेलवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने एकात्म मानववाद को महान ग्रंथ बताते हुए कहा कि उनके विचार भाजपा के कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शिव शैलेन्द्र शाक्य, गिर्राज बंसल, राजकुमार शाक्य, मनोज तोमर, पार्षद पूजा बंसल, प्रहलाद सिंह गुड्डी, राजू खेमानी, कृष्ण कुमार अग्रवाल, पंकज राजा, पल्लव गुप्ता आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor