बाह में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, सांसद राजकुमार चाहर ने कृषक-श्रमिक चौपाल से भरी नई ऊर्जा
बाह के नगला इमली गांव में विकसित भारत–जी राम जी अभियान के तहत आयोजित कृषक-श्रमिक चौपाल में सांसद राजकुमार चाहर ने किसानों और श्रमिकों से सीधा संवाद किया। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में भारी जनसहभागिता देखने को मिली।
विकसित भारत–जी राम जी अभियान के तहत किसानों-श्रमिकों से सीधा संवाद, योजनाओं की जानकारी से बढ़ा भरोसा
बाह (आगरा)। ग्रामीण भारत को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम उस समय देखने को मिला, जब विकसित भारत–जी राम जी अभियान के अंतर्गत किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने बाह विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नगला इमली में आयोजित विशाल कृषक-श्रमिक चौपाल को संबोधित किया। चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों और श्रमिकों से सांसद ने सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना।
अपने संबोधन में सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी अभियान केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि गांव, किसान और श्रमिक को विकास के केंद्र में लाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियां आज ज़मीनी स्तर पर असर दिखा रही हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंच रही है।
सांसद चाहर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत तथा विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं ने किसानों और श्रमिकों के जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया है। उन्होंने कहा कि किसान और श्रमिक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और जब तक उनका जीवन स्तर बेहतर नहीं होगा, तब तक विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लें और इन योजनाओं की जानकारी समाज के उस व्यक्ति तक पहुंचाएं, जो आज भी मुख्यधारा से जुड़ने के लिए संघर्ष कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान नगला इमली सहित आसपास के गांवों से आए किसानों और श्रमिकों में अभियान को लेकर उत्साह, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा साफ दिखाई दी। भारी जनसहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि विकसित भारत–जी राम जी अभियान गांव-गांव में मजबूत पकड़ बना रहा है।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, नितिन वर्मा, कृष्णपाल सिंह जरार, देवेंद्र रावत, राजेश कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष रविन्द्र भदौरिया, शिवकुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी संतोष कुमार, एसीपी हरिशंकर शुक्ला, कप्तान सिंह निषाद, सतेंद्र बरुआ, अनिरुद्ध सिंह, रविन्द्र प्रधान, अनुज शर्मा, सोनू सैंथिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।