संस्कारयुक्त शिक्षा से ही बनते हैं राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन में शिक्षक और मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
आगरा। सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजयनगर में मंगलवार को आयोजित ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम में शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्याओं को सम्मानित करते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई, वहीं मेधावी परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव
विद्यालय के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक भावी पीढ़ी को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर उन्हें राष्ट्र का जिम्मेदार, योग्य और सम्मानित नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव होते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना सभी का दायित्व है।
मेधावी विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मेधावी परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय परिवार और पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए भविष्य में भी पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के व्यवस्थापक किशोरी श्याम गोयल, कोषाध्यक्ष भविष्य अग्रवाल सहित विद्यालय परिवार के अन्य पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।