रिटायर्ड कर्नल की विधवा ने बेटे-बहू पर दर्ज कराया केस, झूठा वसीयतनामा बनाकर बैंक से लाखों निकाले

आगरा। पूर्व सैन्य अधिकारी स्व. कर्नल राहुल रैना के परिवार में भारी कलह और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ताजगंज क्षेत्र में रह रहीं उनकी पत्नी सरिता रैना ने आरोप लगाया है कि उनके अपने बेटे वैभव रैना और बहू विधि श्रीवास्तव रैना ने मिलकर उनके पति की बीमारी के दौरान फर्जी वसीयतनामा तैयार कराया और बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए।

Oct 24, 2025 - 19:30
 0
रिटायर्ड कर्नल की विधवा ने बेटे-बहू पर दर्ज कराया केस, झूठा वसीयतनामा बनाकर बैंक से लाखों निकाले
सरिता रैना का अपने बेटे वैभव और बहू विधि के साथ फाइल फोटो, जिनके खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

श्रीमती रैना का आरोप है कि 8 जून से 7 जुलाई 2025 तक अस्पताल में भर्ती कर्नल राहुल रैना की बीमारी का फायदा उठाकर वैभव रैना ने षड्यंत्रपूर्वक फर्जी वसीयतनामा बनवाया। इस दस्तावेज़ पर योगेश माथुर और लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी को गवाह के रूप में शामिल किया गया। इसके साथ ही बेटे और बहू ने उनके पति के बैंक खाते से, उनके मोबाइल और सिम कार्ड का उपयोग करते हुए लाखों रुपये बिना अनुमति के निकाल लिए।

सरिता रैना ने पहले ताजगंज थाना और पुलिस आयुक्त, आगरा को शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर ताजगंज थाना पुलिस ने वैभव रैना, विधि श्रीवास्तव रैना, योगेश माथुर और लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

पूर्व सैनिक परिवार में उठे इस विवाद ने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी है। लोग कह रहे हैं कि जिस परिवार ने देश की सेवा में अपनी जिंदगी समर्पित की, वहां घर में ऐसी कलह और धोखाधड़ी देखना दुखद और शर्मनाक है।

SP_Singh AURGURU Editor