बरेली बवाल के सात उपद्रवियों पर 15-15 हजार का इनाम घोषित, पुलिस की दबिशें तेज
-आरके सिंह- बरेली। शहर में 26 सितंबर को आई लव मोहब्बत पोस्टर को लेकर भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने अब फरार चल रहे सात मुख्य आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इनाम घोषित सभी आरोपी बवाल के दौरान दर्ज मुकदमों में नामजद हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने रविवार की रात बारादरी के मदीना शाह इमामबाड़ा रोहली टोला निवासी साजिद सकलैनी, प्रेमनगर के शाहबाद निवासी अल्तमस रजा, किला के मलूकपुर निवासी अफजाल बेग, बारादरी के चकमहमूद निवासी नायाब उर्फ निम्मा, चक महमहमूद निवासी बबलू खान, नदीम, और अदनान सकलैनी पर इनाम घोषित किया।
पुलिस ने बताया कि साजिद और अल्तमस बारादरी थाने से वांछित हैं, जबकि अफजाल बेग थाना किला और बारादरी थाने से वांछित है। नायाब उर्फ निम्मा, बबलू खान और साथी नदीम बारादरी थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। वहीं नदीम सामूहिक दुष्कर्म का भी आरोपी है, जबकि अदनान ने बवाल भड़काने के लिए युवकों को उकसाया।
26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़की। इस्लामिया मैदान की ओर जाने वाले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने खलील तिराहे पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। पुलिस ने लाठी चार्ज कर हालात काबू में किए।
पुलिस जांच में पता चला कि एतिहादे ए मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के कुछ नेताओं ने प्रदर्शन की आड़ में दंगा भड़काने की साजिश रची थी। अब तक पुलिस ने 83 आरोपियों को जेल भेजा है, जबकि कई नेता अभी भी फरार हैं। जेल जाने वालों में आईएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता डॉ. नफीस, पूर्व जिला अध्यक्ष नदीम खान, सोशल मीडिया इंचार्ज फरहात खान, महानगर अध्यक्ष अनीस सकलैनी, संस्थापक सदस्य मोईन सिद्दीकी, पूर्व जिला अध्यक्ष मुनीर इदरीशी, और शमशाद जिला अध्यक्ष शामिल हैं।
इस मामले में कोतवाली, कैंट, बारादरी, प्रेमनगर और किला थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन मुकदमों में 125 नामजद लोगों के अलावा लगभग 3,000 अज्ञात लोगों को शामिल किया गया है।