ज्वैलर्स हत्याकांड के फरार तीसरे आरोपी पर ईनाम घोषित, पुलिस दे रही दबिश

आगरा। बालाजी ज्वैलर्स लूट और हत्या मामले के मुख्य आरोपी अमन यादव के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद पुलिस फरार तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए ताबड़तोड़ दबिश डाल रही है। पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित कर दिया है।

May 6, 2025 - 13:44
 0
ज्वैलर्स हत्याकांड के फरार तीसरे आरोपी पर ईनाम घोषित, पुलिस दे रही दबिश

इधर पुलिस ने एनकाउंटर के बाद मानवाधिकार आयोग को भी सूचित कर दिया है। 

गौरतलब है कि दो मई को सिकंदरा क्षेत्र में कारगिल चौराहे पर स्थित बालाजी ज्वैलर्स के शोरूम में घुसकर दो बदमाशों ने लूट कर भागते समय एक पकड़े जाने पर दूसरे बदमाश ने ज्वेलर्स योगेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से दहशत में व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन शुरू दिए थे। सांसद और विधायक ने भी पुलिस पर हत्याकांड का जल्द खुलासा करने का दबाव बनाया हुआ था।

पुलिस अधिकारियों के लिए भी यह हत्याकांड चुनौती बन गया था। अधिकारियों ने खुलासे के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की दस टीमों का गठन किया। इतना ही नहीं आगरा रह चुके तेजतर्रार इंस्पेक्टर कुलदीप दीक्षित को भी मैनपुरी से बुलाकर हत्या और लूट करने वाले बदमाशों की तलाश में लगाया गया। 

पुलिस ने बदमाशों की खोज में 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस बीते दिन ही आरोपियों के नजदीक पहुंच चुकी थी, बस इंतजार था उनके मिलने का। पुलिस आरोपियों के दो- तीन करीबियों को हिरासत में ले लिया था। 

पुलिस को जैसे ही आरोपियों के अंसल एपीआई में छिपे होने की जानकारी हुई। पुलिस ने उसे चारों ओर से घेर लिया और मुठभेड़ में मुख्य आरोपी मारा गया। पुलिस घटना में शामिल मृतक के भाई की निशानदेही पर माल भी बरामद कर लिया। ज्वैलर्स हत्याकांड के आरोपी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है पर अभी फरार आरोपी फारूक को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती है।