आगरा के पिनाहट में सड़क हादसा, तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत; चालक फरार
पिनाहट (आगरा)। थाना पिढ़ौरा क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार कैंटर चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के गांव कौंध निवासी सेठ पुत्र करन (46) गुरुवार शाम पास के गांव में दावत खाने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान स्याहीपुरा-पिढ़ौरा मार्ग पर तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सेठ की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच कैंटर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने कैंटर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।