शादी में गया हुआ था परिवार, चोर आए और घर साफ कर गए, मैन गेट, कमरे, अलमारियां, तसल्ली से चटकाए ताले

आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र के बुढेरा में चोरों ने बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पार कर दी। परिवारीजन जब आज शाम को घर लौटे तो मकान का ताला टूटा देख हक्के-बक्के रह गए। चोरों की खोजबीन में पुलिस जुट गई है।

Nov 14, 2024 - 01:02
 0
शादी में गया हुआ था परिवार, चोर आए और घर साफ कर गए, मैन गेट, कमरे, अलमारियां, तसल्ली से चटकाए ताले

बुढेरा निवासी डॉ. लाल सिंह राजपूत ने बताया कि वह बीते दिन बुधवार को अपनी पत्नी के साथ अपने साले के लड़के की शादी में और बेटा- बहू अपने साले की शादी में गए हुए थे। आज वह दोपहर क़रीब 3.30 बजे वापस घर आए। 

डॉ. राजपूत ने बताया कि घर के मुख्य दरवाज़े का ताला टूटा पड़ा था। वह गेट खोलकर अंदर पहुंचे तो अंदर कमरों के ताले भी टूटे पड़े थे और अलमारियों के दरवाज़े खुले थे। घर का सामान बिखरा हुआ पड़ा था। घटना की सूचना पर पुलिस मौक़े पर पहुंच गई। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

डॉ. राजपूत ने बताया कि चोर घर से क़रीब 500 ग्राम चांदी, बहू की 16 जोड़ी पायल, सोने के आभूषण और क़रीब दो लाख रुपये नगद चुराकर ले गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor