रोहता महिला हत्याकांड का 28 घंटे में खुलासा, छत पर शव छोड़कर भागा आरोपी दबोचा गया
आगरा के सदर बाजार क्षेत्र में महिला पूनम की हत्या के मामले में पुलिस ने 28 घंटे के भीतर आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। छत पर शव छोड़कर फरार हुआ आरोपी पहले से हत्या के मुकदमे में भी वांछित था। पुलिस की तेज कार्रवाई से गांव में दहशत कम हुई है।
पहले से हत्या के मामले में वांछित राकेश गिरफ्तार, थाना सदर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला हत्या का रहस्य
आगरा। आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र के रोहता में हुए महिला हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 28 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। छत पर खून से लथपथ शव छोड़कर फरार हुए आरोपी राकेश को पुलिस ने सीओडी ग्राउंड स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी हत्या का मुकदमा दर्ज होना सामने आया है।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह रोहता गांव में जब सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर एक मकान की सीढ़ियों से बहते खून पर पड़ी। तो वे खून का पीछा करते हुए ऊपर पहुंचे, तो छत पर एक महिला का शव पड़ा मिला था। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई थी।
सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका की पहचान करीब 36 वर्षीय पूनम के रूप में हुई थी, जो पास में ही अपनी मां विमला देवी के साथ रहती थी। पूनम जूते की हील बनाने का काम कर अपने दो बेटों और एक बेटी का पालन-पोषण कर रही थी।
मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया था कि उसकी मां रविवार रात करीब 9 बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सुबह जब तलाश शुरू हुई तो पड़ोस के मकान की सीढ़ियों से खून बहता दिखाई दिया। ऊपर जाकर देखा तो मां का शव पड़ा था।
पूनम पिछले आठ वर्षों से पति से अलग रहकर अकेले बच्चों की जिम्मेदारी उठा रही थी। उसका पति फर्रुखाबाद में नौकरी करता है। सीमित साधनों के बावजूद वह मेहनत कर बच्चों के भविष्य को संवार रही थी, लेकिन उसकी जिंदगी बेरहमी से खत्म कर दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सदर इमरान अहमद और एडिशनल डीसीपी अक्षय भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सटीक इनपुट और सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक जघन्य अपराध का समय रहते पर्दाफाश हो सका।