मथुरा में स्वच्छता रैली के साथ ‘रोको-टोको’ अभियान, 18 दुकानदारों पर 50 हजार का जुर्माना, पंपलेट बांटकर लोगों को कूड़ा और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूर रहने का संदेश
मथुरा। कृष्णा नगर मार्केट और कृष्णा नगर रोड को स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने बुधवार को जन-जागरूकता रैली के साथ ‘रोको-टोको’ अभियान चलाया। स्वच्छता ही सेवा 2026 और ‘हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ अभियान के तहत निकाली गई रैली में नागरिकों और व्यापारियों को खुले में कूड़ा न फेंकने, नालियों में कचरा नहीं डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के दौरान दुकानों के सामने गंदगी मिलने पर करीब 18 छोटे-बड़े दुकानदारों पर लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और नगर आयुक्त ओजस्वी राज की मौजूदगी में आयोजित अभियान का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाना रहा। रैली नगर निगम मथुरा-वृंदावन के भूतेश्वर मुख्यालय से शुरू होकर कृष्णा नगर तक पहुंची। इसमें नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, आईईसी वॉलिंटियर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सफाई मित्र और कार्यदायी संस्थाओं के कर्मचारी शामिल हुए।
रैली के दौरान स्वच्छता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने सफाई रखने और कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान अथवा नगर निगम के अधिकृत कूड़ा संग्रहण वाहनों को देने की अपील की गई।
‘रोको-टोको’ में खुले में कूड़ा फेंकने से रोका
‘रोको-टोको’ अभियान के तहत नागरिकों और व्यापारियों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं करने, खुले में कूड़ा नहीं फेंकने तथा नालियों और नालों में कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की भी अपील की गई।
नगर निगम की टीम ने पंपलेट वितरित कर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने, सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने, नालियों में कूड़ा नहीं डालने, अतिक्रमण से बचने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की जानकारी दी।
18 दुकानदारों पर करीब 50 हजार का जुर्माना
अभियान के दौरान करीब 18 छोटे-बड़े दुकानदारों के प्रतिष्ठानों के सामने गंदगी मिलने पर लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्र में सफाई रखने के लिए समझाया। उनसे नालियों और नालों में कूड़ा नहीं डालने तथा किसी अन्य व्यक्ति को भी गंदगी करने से रोकने की अपील की गई।
‘Chalk of Shame’ से चिन्हित की गंदगी
नगर निगम की आईईसी टीम ने ‘Chalk of Shame’ गतिविधि के तहत जिन स्थानों पर गंदगी मिली, वहां स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखकर लोगों को जागरूक किया। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्वयं दुकानदारों से मुलाकात कर उनके प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। जिन दुकानों के सामने गंदगी मिली, वहां नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की गई।
दुकानदारों और नागरिकों को बताया गया कि स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना और नियमानुसार अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
हर सप्ताह चलेगा अभियान
नगर निगम के अनुसार यह अभियान प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से चलाया जाएगा, ताकि कृष्णा नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा सके। दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने गीले और सूखे कचरे के लिए दो अलग-अलग डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने तथा ग्राहकों को भी निर्धारित डस्टबिन में कूड़ा डालने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
इस अवसर पर शैलजाकांत मिश्र ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता करने और मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने का आह्वान किया।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ जन-जागरूकता पर भी जोर दे रहा है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं स्वच्छता का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
अभियान के दौरान लोगों को संदेश दिया गया—हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है और स्वच्छता अपनाएं, शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं।