Video News : 99 साल का हुआ आरएसएस, स्वयंसेवकों ने शहर में निकाले 12 पथ संचलन, 72 जगह पुष्प वर्षा

आगरा। दशहरे के दिन अपनी स्थापना के 99 साल पूरे होने पर आरएसएस ने आज शहर भऱ में 12 पथ संचलन निकाले। गणवेशधारी स्वयंसेवकों के अनुशासित पथ संचलन जिन-जिन मार्गों से गुजरे, वहां लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। स्वागत करने में मुस्लिम भी पीछे नहीं दिखे।

Oct 12, 2024 - 13:29
 0

लोहामंडी चौराहे पर जैसे ही पथ संचलन करते स्वयंसेवक पहुंचे, वहां मौजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा शुरू कर दी। स्वयंसेवकों ने भी उनका मुस्कुराकर अभिवादन स्वीकार किया। कुल 72 स्थानों पर पथ संचलन करते स्वयंसेवकों का स्वागत हुआ। 

आज सुबह लोहामंडी स्थित बागअंता से पथ संचलन शुरू हुआ। यहां भारत माता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करने के बाद स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में पक्तिबद्ध हुए। सफेद शर्ट और खाकी पैंट पहने स्वयंसेवक हाथों में दंड लिए हुए थे। संचलन में स्वयंसेवकों का एक समूह वाद्य यंत्र बजाते हुए चल रहा था।

पथ संचलन लोहामंडी बाजार, सिरकी मंडी, जयपुर हाउस, नौबस्ता, गढ़ी भदौरिया होते हुए प्रतापपुरा पर समाप्त हुआ।  इसके अलावा राजपुर चुंगी, आवास विकास कालोनी, बेलनगंज, दरेसी, अवधपुरी, ट्रांस यमुना आदि स्थानों से भी स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला। पथ संचलन में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग  व छोटे-छोटे बच्चे शामिल थे। उनका उत्साह देखते ही बन रहा था।

पश्चिम नगर के पथ संचलन से पूर्व स्वयं सेवकों को संघ के विभाग प्रचारक आनंद ने संबोधित भी किया। उन्होंने अगले वर्ष संघ स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने की बेला पर होने वाले कार्यक्रमों के साथ ही संघ के संकल्पों को पूरा करने के लिए स्वयंसेवकों से जुटने का आव्हान किया।

SP_Singh AURGURU Editor