आरएसएस अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती पर 17 को करेगा महिला गोष्ठी

− परिवार व्यवस्था का मेरूदंड-भारतीय नारी विषय पर होगी गोष्ठी, रानी अहिल्याबाई के जीवन से मिलेगी प्रेरणा − संघ के सहसरकार्यवाह डॉ कृष्ण गोपाल होंगे मुख्यवक्ता, उद्घोषणा कार्यक्रम में दी गयी जानकारी 

Feb 12, 2025 - 20:17
 0
आरएसएस अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती पर 17 को करेगा महिला गोष्ठी
विश्व संवाद केंद्र, साकेत कॉलोनी में आरएसएस द्वारा आयोजित होने जा रही गोष्ठी के उदघोषणा समारोह में रानी अहिल्याबाई होल्कर के कटआउट का विमोचन करते विभाग कार्यवाह सुनील जी, सीए संजीव माहेश्वरी, राजन चौधरी, मनमोहन निरंकारी, निर्मला दीक्षित, देवेंद्र त्यागी आदि।

आगरा। भारत के हर घर में अहिल्याबाई होल्कर जैसी बेटियां जन्म लें, जो राष्ट्र की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करें। इस उद्देश्य हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आगामी 17 फरवरी को पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती के उपलक्ष्य महिला संगोष्ठी का आयोजन करेगा। 
आयोजन के संदर्भ में बुधवार को गोविंद नगर, साकेत कॉलोनी स्थित विश्व संवाद केंद्र पर उद्घोषणा समारोह आयोजित किया गया। मां भारती और रानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ हुआ।
विभाग संपर्क प्रमुख सीए संजीव माहेश्वरी ने बताया कि एक ऐसा देश जिसने अनेक वीर रानियों को देखा लेकिन देवी अहिल्याबाई होल्कर की विरासत अद्वितीय है, क्योंकि उन्होंने 30 वर्षाें तक शासन किया और अनंत काल के लिए एक अमिट छाप और  प्रेरणा छोड़ी। अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती इस वर्ष सम्पूर्ण देश मना रहा है। इसी उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी आगरा में 17 फरवरी को महिला गोष्ठी आयोजित करेगा। जिसमें देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रेरणास्पद जीवन यात्रा का स्मरण किया जाएगा और उनसे प्रेरणा लेकर महिलाएं कैसे समाज की दशा को प्रेरक दिशा दें, इस पर संघ के सहसरकार्यवाह डॉ कृष्ण गोपाल अपना व्यक्तव्य रखेंगे। 
विभाग संघ संचालक राजन चौधरी ने बताया कि 17 फरवरी को दोपहर ढाई बजे से शिवाजी मंडपम, खंदारी परिसर में गोष्ठी रखी जाएगी। गोष्ठी का विषय परिवार व्यवस्था की मेरुदंड− भारतीय नारी होगा, जिस पर 1200 गणमान्य महिलाओं को संबोधित किया जाएगा। 
विभाग कार्यवाह सुनील ने बताया कि रानी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन भारतीय इतिहास का एक स्वर्णिम पृष्ठ है। वे कर्तव्य, सादगी, धर्म के प्रति समर्पण, प्रशासनिक कुशलता, दूरदृष्टि एवं उज्जवल चारित्रय का अद्वितीय आदर्श थीं।
विभाग प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना का यह शताब्दी वर्ष भी है। 
विभाग शहर संपर्क प्रमुख देवेंद्र त्यागी ने बताया कि इस पर्व के सुअवसर पर प्रयास है कि पंच परिवर्तन के माध्यम से कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी जीवन शैली एवं नागरिक शिष्टाचार के संदेश को मातृशक्ति के सक्रिय योगदान से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य किया जाए।

इस अवसर पर रानी अहिल्याबाई होल्कर के कटआउट का भी विमोचन किया गया।
इस अवसर पर जिला संपर्क प्रमुख फतेहपुर सीकरी डॉ मुरारी लाल, छावनी महानगर संपर्क प्रमुख अनुराग शर्मा, पूर्व सदस्य राज्य महिला आयोग निर्मला दीक्षित, नगर संपर्क प्रमुख नितेश जैन आदि उपस्थित रहे।