रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप से हुई बातचीत की पीएम मोदी को दी जानकारी
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार (18 अगस्त, 2025) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। इस दौरान पुतिन ने पीएम मोदी को अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई हालिया बैठक के बारे में जानकारी दी।
दरअसल ट्रंप भारत पर रूस से तेल खरीदने के लिए 25 फीसदी का अतिरिक्त जुर्माना लगाया था, जिसकी वजह से ये मीटिंग भारत के लिए भी काफी अहम थी।
रूसी राष्ट्रपति और भारतीय प्रधानमंत्री ने सोमवार को हुई बातचीत के दौरान द्विपक्षीय सहयोग पर भी चर्चा की। पुतिन ने भारतीय नेता को अलास्का में हुई रूस-अमेरिका बैठक के परिणामों के बारे में बताया।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने पुतिन को फोन कॉल के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत यूक्रेन विवाद के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों का लगातार समर्थन करता है। मोदी ने आगे कहा कि वह आने वाले दिनों में पुतिन के साथ निरंतर संवाद की आशा रखते हैं।