आगरा कॉलेज में वेतनवृद्धि बनी खुशियों की वजह, प्राचार्य के सम्मान में गूंजीं तालियां
आगरा। आगरा कॉलेज में वर्षों से प्रतीक्षित वेतनवृद्धि के ऐतिहासिक फैसले ने शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी है। 3000 से 4000 रुपये के सीमित मानदेय पर सेवा कर रहे इन कर्मियों को अब एक सम्मानजनक वेतनमान मिलने जा रहा है, जिससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी बल्कि कार्यस्थल पर उत्साह और समर्पण भी देखने को मिलेगा।
इस उपलब्धि की खुशी में शनिवार को कॉलेज प्रांगण एक जश्नगाह में तब्दील हो गया, जब कर्मचारियों ने कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम का गरिमामय स्वागत किया। प्राचार्य कार्यालय में आयोजित सादे पर आत्मीय समारोह में माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ और तालियों की गूंज ने माहौल को अभिभूत कर दिया।
कर्मचारियों ने इसे वर्षों की तपस्या का फल बताया और कहा कि यह बदलाव कॉलेज प्रशासन की संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का परिचायक है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्राचार्य के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी पहलकदमी ने कर्मचारियों के जीवन में नई ऊर्जा भर दी है।
प्रो. गौतम ने भी इस अवसर पर कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि अब सभी मिलकर कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।