बरेली के किशोरी हत्याकांड में आरोपी सलीम गिरफ्तार, साथ में पकड़े गये डॊ. बंगाली ने 2017 में अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूली, पॉलीग्राफ से बचने को भागने की फिराक में था सलीम
-आरके सिंह- बरेली। थाना क्योलड़िया पुलिस ने डेढ़ वर्ष पूर्व लापता हुई नाबालिग किशोरी के मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए किशोरी हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। इस मामले में किशोरी की हत्या का मुख्य आरोपी सलीम हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वर्ष 2017 में अपनी पत्नी की हत्या के आरोपी आसिम उर्फ अमित उर्फ ‘डॉ. बंगाली’ को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में थे, जिन्हें 11 फरवरी को भौआ बाजार के आगे बौरिया कट से दबोच लिया गया।
एसपी (उत्तरी-दक्षिणी) मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सर्विलांस, साइबर सेल एवं एसओजी की संयुक्त टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
नाबालिग किशोरी की हत्या: सलीम हुसैन निकला मुख्य आरोपी
ग्राम सतवन पट्टी निवासी अजीज अहमद ने 8 जनवरी 2025 को अपनी 16 वर्षीय पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट थाना क्योलड़िया में दर्ज कराई थी। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 009/2025, धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान सितंबर 2025 में कैलाश नदी किनारे गन्ने के खेत से एक सिर की गूंथी हुई चोटी, कपड़े और मानव हड्डियां बरामद हुईं। डीएनए जांच में पुष्टि हुई कि अवशेष वादी की पुत्री के ही हैं।
मोबाइल सीडीआर विश्लेषण में गांव के ही युवक सलीम हुसैन की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। किशोरी से उसकी लगातार बातचीत सामने आई और घटना वाली रात दोनों की लोकेशन एक ही स्थान पर मिली। पूछताछ में सलीम ने स्वीकार किया कि उसने किशोरी को रात में बुलाकर गन्ने के खेत में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। शव को खेत में फेंक दिया गया और मोबाइल फोन नदी में बहा दिया गया।
पत्नी की हत्या का आरोपी निकला ‘डॉ. बंगाली’
पुलिस पूछताछ में आसिम उर्फ अमित उर्फ डॉ. बंगाली ने वर्ष 2017 में अपनी पत्नी रजनी (26 वर्ष) की हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की। आरोपी के अनुसार पत्नी से विवाद के चलते उसने कैलाश नदी किनारे गला दबाकर हत्या की और शव को दफना दिया। इस मामले में थाना भुता में धारा 364 भादवि के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।
पॉलीग्राफ टेस्ट से बचने की कोशिश
पुलिस ने किशोरी हत्याकांड में सलीम हुसैन का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति न्यायालय से ली थी। नोटिस मिलने के बाद सलीम फरार हो गया। इसी दौरान पता चला कि वह भौआ बाजार स्थित एक क्लीनिक में आसिम उर्फ डॉ. बंगाली के साथ काम करता था। दोनों आरोपी कोलकाता (पश्चिम बंगाल) भागने की योजना बना रहे थे और पैसों का इंतजाम कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का संक्षिप्त आपराधिक विवरण
नाबालिग की हत्या का आरोपी सलीम हुसैन (22 वर्ष) पुत्र गुलाम हुसैन, निवासी ग्राम सतवन पट्टी, थाना क्योलड़िया, बरेली है। इस पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। आसिम उर्फ अमित उर्फ डॉ. बंगाली पुत्र भूपेन्द्र, हाल निवासी ग्राम पडोली, थाना भुता, बरेली मूल निवासी रीदापुर, दमदम एयरपोर्ट के पास, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) का निवासी है। पत्नी की हत्या का आरोपी, पूर्व में अपहरण व पॉक्सो एक्ट के मामलों में भी नामजद। ‘डॉ. बंगाली’ के नाम से क्लीनिक चलाता था, महिलाओं के प्रति अमर्यादित आचरण का आदी बताया गया है।
Top of Form