जननायक को नमन: कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर सामाजिक न्याय का संकल्प
भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 38वीं पुण्यतिथि पर यमुना पार के नरायच में आयोजित श्रद्धांजलि सभा सामाजिक न्याय और समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शिरकत कर जननायक के विचारों को आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक बताया।
आगरा। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर यमुना पार के नरायच क्षेत्र में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने गरीब, शोषित, वंचित और पिछड़े समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए, जो आज भी भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव माने जाते हैं। सादगी, ईमानदारी और संघर्ष उनका परिचय था, जो पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।
मंत्री ने कहा कि जननायक का विचार केवल अतीत नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य का मार्गदर्शन है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही सामाजिक समरसता और समान अवसरों वाला भारत बनाया जा सकता है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुकेश धामा, जितेन्द्र कुमार, श्रीमती सविता, गौरव नंद, रमाकांत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Top of Form