गुरु पूर्णिमा पर संस्कार भारती का सम्मान समारोह: कला और सेवा से जुड़े गुरुओं का हुआ अभिनंदन
आगरा। भारतीय संस्कृति में गुरु परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए संस्कार भारती, कला साधिका समिति, आगरा महानगर की ओर से जयपुर हाउस स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धा और सम्मान के साथ गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा, समाज सेवा और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। भजन, गुरु वंदना और प्रेरक विचारों से पूरा वातावरण भक्तिमय और गुरुमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान के चरणों में पुष्प अर्पित कर, दीप प्रज्ज्वलन तथा संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ हुआ। इसके बाद आगरा की प्रतिष्ठित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. इला किशोर तथा चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता मित्तल को शॉल, माला, पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति की समर्पित संरक्षिका श्रीमती आंचल जैन (सी.एस.) तथा समाज सेविका श्रीमती बबीता पाठक को भी समाज एवं संगठन के प्रति उनके योगदान के लिए पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
समिति की अध्यक्ष अनीता भार्गव ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान भारतीय संस्कृति की सबसे महान परंपराओं में से एक है। आज पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति की इस परंपरा को अपनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का संयोजन नीता गर्ग ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत मनप्रीत कौर ने किया। कार्यक्रम का संचालन सह-संरक्षिका बबीता पाठक ने किया।
उत्सव के दौरान महिलाओं ने गुरु वंदना, भक्ति भजन और प्रेरक भाषण प्रस्तुत किए, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के अंत में आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष अनीता भार्गव, कोषाध्यक्ष मीना अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, रेनू सिंघल, सुनीता पाठक, अंजुली बंसल, निर्मल अग्रवाल, अनीता जैन, अलका जैन, समीक्षा गोयल, अंजू श्रीवास्तव, मनप्रीत कौर, नीलम उपाध्याय, अर्चना अग्रवाल, पूनम शर्मा सहित बड़ी संख्या में समिति की सदस्याएं उपस्थित रहीं।