हरे पेड़ों पर बेखौफ चल रही आरी, बटेश्वर का यमुना क्षेत्र वृक्ष विहीन हो जाएगा
आगरा। बटेश्वर के यमुना क्षेत्र में वन माफिया हरे पेड़ों पर बेखौफ होकर आरी चलवा रहा है। वन माफिया हरे पेड़ों का कटान रात के समय करता है। हैरानी की बात यह है कि सब कुछ सामने आने के बाद भी वन विभाग इस ओर से अनजान बना हुआ है।
विगत दिवस बटेश्वर के यमुना क्षेत्र में शीशम के तमाम हरे पेड़ों पर आरी चलवा दी गई। इन पेड़ों की लकड़ी के ढेरों का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद ही हरे पेड़ों की बलि चढ़ाने का मामला प्रकाश में आया। वीडियो वायरल होने के बाद भी न तो वन विभाग के कानों पर जूं रेंगी और न ही पुलिस में कोई हलचल हुई।
वन माफिया लम्बे समय से बटेश्वर के यमुना क्षेत्र में हरे पेड़ों की बेखौफ होकर कटाई करा रहा है। पेड़ों की बलि चढ़ाकर इनकी लकड़ी टालों पर बेची जा रही है। टालों पर हरे पेड़ों की लकड़ी बिकती हुई साफ देखी जा सकती हैं, लेकिन वन विभाग ने यह जानने की कोशिश भी नहीं कि आखिर हरी लकड़ी कहां से आ रही है।
यही हाल रहा तो बटेश्वर का हरा-भरा यमुना क्षेत्र कुछ ही दिनों में पेड़ विहीन हो जाएगा।