ऑटिज्म से जूझ रहे बच्चों के लिए बढ़ा मदद का दायरा, मनस नगर में आद्यान्त फाउंडेशन की दूसरी इकाई शुरू, निःशुल्क डे केयर, स्कूलिंग और विभिन्न थैरपी की मिलेगी सुविधा
आगरा। ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों को अब बेहतर देखभाल, उपचार और मार्गदर्शन की सुविधा मिल सकेगी। आद्यान्त फाउंडेशन फॉर ऑटिज्म ने मनस नगर में अपनी दूसरी इकाई शुरू की है, जहां विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को निःशुल्क डे केयर, स्कूलिंग और विभिन्न प्रकार की थैरपी उपलब्ध कराई जाएंगी। सोमवार को 120, मनस नगर, सीटीवी के निकट, शाहगंज स्थित केंद्र का शुभारंभ समाजसेवी डॉ. कुलदीप सिंह और रंजीत सामा ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बच्चों की जरूरत के अनुसार मिलेगा सहयोग
शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों को उनकी व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन मिलना जरूरी है। प्रत्येक बच्चे की क्षमताएं और आवश्यकताएं अलग होती हैं, इसलिए उनके विकास के लिए संवेदनशील और व्यक्तिगत दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। नई इकाई शुरू होने से बच्चों और उनके परिवारों की सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
एक ही केंद्र पर कई तरह की थैरपी
केंद्र संचालिका डॉ. रेनू तिवारी और नीरज तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को निशुल्क बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके परिवारों को भी आवश्यक सहयोग देना है। नई इकाई में बच्चों के विकास और उनकी क्षमताओं को पहचानने के लिए डे केयर और स्कूलिंग के साथ स्पीच थैरपी, ऑक्यूपेशनल थैरपी, स्पेशल एजूकेशन, बिहेवियर थैरपी, सेंसर इंटीग्रेशन थैरपी तथा लैंग्वेज एंड कम्यूनिकेशन थैरपी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश
फाउंडेशन पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों को उनकी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता है। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि ऑटिज्म से जुड़े बच्चों को समय पर सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने से उनके विकास की संभावनाएं बेहतर होती हैं। इस दौरान फाउंडेशन की आगामी योजनाओं और विशेष बच्चों के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में संरक्षक पंकज तिवारी, अध्यक्ष रिदम तिवारी, धीरज कुमार बाधव, सतेन्द्र, अश्विनी श्रीवास्तव, माया श्रीवास्तव, डॉ. प्रियंका मैसी, डॉ. राजीव पचौरी, डॉ. सतीश शुक्ला, डॉ. शिवानी गोयल, डॉ. राजीव गोयल, डॉ. शिवालिका शर्मा, डॉ. मनु, डॉ. रीतेश बंसल, डॉ. अंशु बंसल, डॉ. अनुरंजन, सतेन्द्र तिवारी, दीक्षा, पायल, अंजली, वंशिका, सृष्टि पूजा, लवी, मोहिनी, स्नेहा आदि उपस्थित रहे।