बरसाती कहर में ढहा प्राचीन किले का हिस्सा, चट्टाननुमा मलबे से मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा परिवार

पिनाहट/आगरा। लगातार हो रही बारिश के बीच आगरा जनपद के कस्बा पिनाहट में एक बड़ा हादसा टल गया। कस्बे के मोहल्ला मल्हन टूला में स्थित प्राचीन किले की ऊपरी दीवार का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। किले की दीवार का चट्टाननुमा भारी मलबा नीचे बने एक मकान पर आ गिरा, जिससे मकान का एक कमरा ध्वस्त हो गया। हादसे के समय तेज धमाके की आवाज सुनकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि जिस समय मलबा गिरा, उस वक्त घर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

Jul 24, 2026 - 11:58
 0
बरसाती कहर में ढहा प्राचीन किले का हिस्सा, चट्टाननुमा मलबे से मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा परिवार
पिनाहट के मल्हन टूला मोहल्ले में प्राचीन किले का एक हिस्सा ढहने से क्षतिग्रस्त मकान। चित्र में किले का चट्टाननुमा मलबा भी दिख रहा है।

पिनाहट का यह किला बहुत प्राचीन है और खंडहर में तब्दील हो चुका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण किले की ऊपरी दीवार का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे बने मकान पर गिर पड़ा। मलबा गिरते ही मकान की छत और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं तथा घर में रखा घरेलू सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया।

पीड़ित जागीर प्रसाद ने बताया कि हादसे के समय परिवार के सदस्य कमरे के बाहर बरामदे में सो रहे थे और उसी दौरान किले की दीवार का मलबा मकान पर आ गिरा। यदि परिवार के लोग कमरे के अंदर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि मलबा गिरने से उनका मकान का एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया है और घरेलू सामान का भी भारी नुकसान हुआ है।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्राचीन किले के जर्जर हिस्सों का तत्काल सर्वे कराकर उन्हें सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पीड़ित जागीर प्रसाद ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि उनका आशियाना पूरी तरह उजड़ गया है और अब रहने की भी समस्या खड़ी हो गई है।

SP_Singh AURGURU Editor