दक्षिण बाइपास पर अज्ञात युवक का शव मिलने पर फैली सनसनी
आगरा। दक्षिणी बाईपास पर थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव मंगूरा कट पर आज दोपहर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के बारे में अभी तक कोई जानकारी पुलिस को भी नहीं मिल सकी है। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि युवक की मौत 24 घंटे के भीतर ही हुई है।
इसी कट पर तीन-चार दिन पहले ट्रक की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि युवक गंभीर घायल हो गया था। सप्ताह में दूसरी घटना ने स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।