बीकॉम के छात्र का शव रेलवे लाइन पर मिलने से सनसनी, परिवार में मचा कोहराम 

आगरा। लोहामंडी राजनगर के समीप रेलवे ट्रैक पर बीकॉम के छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक छात्र की पहचान 20 वर्षीय संदेश गौड़ के रूप में हुई है। परिजनों ने छात्र की हत्या आशंका जताते हुए एक युवती के चाचा के खिलाफ थाना लोहामंडी में केस दर्ज कराया है।

Aug 30, 2025 - 14:56
 0
बीकॉम के छात्र का शव रेलवे लाइन पर मिलने से सनसनी, परिवार में मचा कोहराम 

मृतक के परिजनों ने बताया कि संदेश बुधवार को अपनी मां के साथ गैलाना सिकंदरा स्कूटर से ननिहाल गया था। बृहस्पतिवार शाम को उसने अपने मामा के बेटे मनु को फोन कर बताया कि उसे एक युवती के चाचा ने पकड़ लिया है और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद संदेश ने मनु को अपनी लोकेशन भेजी, लेकिन जब परिजन वहां पहुंचे तो संदेश नहीं मिला। बाद में सूचना मिली कि उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। 

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर युवती के चाचा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।