आगरा एयरफोर्स स्टेशन परिसर में सार्जेंट ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या
आगरा। आगरा स्थित वायुसेना स्टेशन से एक दुखद खबर सामने आई है। सार्जेंट मृत्युंजय चौधरी, जो कि वायुसेना स्टेशन के लेखा विभाग में तैनात थे, ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वे स्टेशन परिसर में ही बने क्वार्टर में रहते थे और मानसिक अवसाद से ग्रसित थे।
सूत्रों के अनुसार मृत्युंजय चौधरी कुछ समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। उन्हें डिप्रेशन की दवा दी जा रही थी। उनका व्यवहार हाल के दिनों में कुछ बदला-बदला हुआ सा दिख रहा था। वे वायुसेना स्टेशन के भीतर ही आवंटित सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे। इसी क्वार्टर से उनका शव बरामद किया गया।
वायुसेना और पुलिस दोनों कर रहे जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय शाहगंज पुलिस और वायुसेना प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि सार्जेंट ने आत्महत्या कर जान दी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के बारे में सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।