सेवा, संवेदना और संकल्प, श्री कृष्ण गौशाला कमेटी का अनूठा सामाजिक योगदान
आगरा में श्री कृष्ण गौशाला कमेटी शाहगंज ने स्वामी लीला शाह जी की प्रेरणा से नर सेवा नारायण सेवा की मिसाल पेश करते हुए 200 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को वर्षभर का राशन, कंबल और मकर संक्रांति पर गजक वितरित की। कमेटी पिछले 50 वर्षों से गौ सेवा और मानव सेवा का कार्य निरंतर कर रही है।
कमेटी ने 200 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को दिया वर्षभर का सहारा
आगरा। “नर सेवा ही नारायण सेवा है और हर जीव में भगवान का वास है”—यह अमर संदेश स्वामी लीला शाह जी ने समाज को दिया था। उन्हीं के संदेश और प्रेरणा को आत्मसात करते हुए श्री कृष्ण गौशाला कमेटी, शाहगंज द्वारा आज भी मानव सेवा का अनूठा और निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में श्री कृष्ण गौशाला परिसर में आयोजित एक सेवा कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को वर्षभर के लिए राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही सर्दी के मौसम को देखते हुए बुजुर्गों, निराश्रित विधवाओं एवं जरूरतमंद महिलाओं को कंबल और मकर संक्रांति के अवसर पर गजक वितरित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कृष्ण गौशाला कमेटी के अध्यक्ष गिरधारी लाल भक्तयानी ने बताया कि स्वामी लीला शाह जी द्वारा दिया गया नर सेवा नारायण सेवा का संदेश ही इस सेवा कार्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बीते 50 वर्षों से यह सेवा अभियान लगातार जारी है। मकर संक्रांति के साथ-साथ दीपावली, होली और अन्य प्रमुख त्योहारों पर भी जरूरतमंद परिवारों को त्योहार से जुड़ा आवश्यक सामान कमेटी की ओर से प्रदान किया जाता है।
वर्षभर मिलेगा निशुल्क राशन
कार्यक्रम में जिन 200 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड प्रदान किए गए हैं, वे अपने क्षेत्र की निर्धारित राशन दुकानों से पूरे वर्ष निशुल्क राशन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। इससे इन परिवारों को दैनिक जीवन में बड़ी राहत मिलेगी।
कमेटी के उपाध्यक्ष मनीष हरजानी ने कहा कि श्री कृष्ण गौशाला कमेटी गौ सेवा के साथ-साथ नर सेवा को भी अपना कर्तव्य मानती है। स्वामी जी की प्रेरणा से समाज सेवा के इस कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर आई मुस्कान ही कमेटी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
त्योहारों पर भी रहती है विशेष मदद
कमेटी की ओर से मकर संक्रांति, दीपावली, होली सहित अन्य बड़े पर्वों पर इन परिवारों को आवश्यक घरेलू सामग्री के साथ त्योहार का विशेष सामान भी उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे भी त्योहारों की खुशियों में शामिल हो सकें।
इनकी रही मौजूदगी
इस सेवा कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गिरधारी लाल भक्तयानी (अध्यक्ष), मनीष हरजानी (उपाध्यक्ष), जे.के. मदनानी, सुनील कर्मचंदानी, ज्ञानचंद मुलानी, आशु मूलचंदानी, जीतू तुलस्यानी, सोनू मदनानी, मुरलीधर पहलजानी, कपिल पंजवानी, लालचंद मोटवानी, देवी मुलानी,सुनील कर्मचन्दानी सहित श्री कृष्ण गौशाला कमेटी से जुड़े पदाधिकारी एवं गौ सेवक उपस्थित रहे।