दीवाली की रात आगरा शहर और देहात में आग की कई घटनाएं, दमकलें दौड़ती रहीं पूरी रात

आगरा। रोशनी और खुशियों के त्यौहार दीवाली की रात ताजनगरी के कई इलाकों में लपटों का कहर देखने को मिला। आतिशबाजी और शॉर्ट सर्किट के बीच शहर के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी की एक के बाद एक घटनाएं सामने आईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पूरी रात सायरन बजाती सड़कों पर दौड़ती रहीं। गनीमत रही कि किसी घटना में जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों रुपये का नुकसान जरूर हुआ।

Oct 21, 2025 - 16:10
 0
दीवाली की रात आगरा शहर और देहात में आग की कई घटनाएं, दमकलें दौड़ती रहीं पूरी रात
नगला पदी में हुए अग्निकांड के बाद की एक तस्वीर जिसमें सब कुछ राख हो चुका है।

सबसे पहले घटना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की गली नंबर पांच में हुई, जहाँ देर रात एक घर में सिलेंडर फट गया। धमाके से घर के बाहरी हिस्से में बनी दो दुकानों की दीवार ढह गई और छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसके कुछ ही समय बाद कोठी मीना बाजार मैदान में कूड़े के ढेर में भीषण आग लग गई। पास में पटाखों की दुकानें लगी होने से भय का माहौल बन गया, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग बुझा दी।

तीसरी घटना आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-20 में हुई, जहाँ आतिशबाजी से एक मकान की छत पर आग लग गई। लपटें उठते ही स्थानीय लोग बाल्टी और पाइप लेकर जुट गए। सूचना पर पहुंची दमकल ने थोड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया।

दूसरी ओर, मारुति स्टेट के पास राजा नामक व्यक्ति की फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से लगी आग में लाखों रुपये का सामान जल गया। रातभर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर जुटी रहीं।

मंटोला क्षेत्र में भी एक घर की छत पर रखे कबाड़ में आग लगने से एक घंटे तक अफरा-तफरी रही। लोगों ने पाइप और बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया, बाद में फायर ब्रिगेड ने नियंत्रण पाया।

देहात क्षेत्र में भी हालात अलग नहीं रहे। किरावली कस्बे के मिढ़ाकुर बाजार में देर रात तीन मंजिला कपड़ों की दुकान में आग लग गई। दुकान में रखे वस्त्र जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड की टीम को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा। वहीं मिढ़ाकुर में ही आतिशबाजी की चिंगारी से सड़क किनारे रखे तीन खोखों में आग लग गई, जिनमें रखा सारा सामान जल गया।

आंवल खेड़ा क्षेत्र में जलेसर रोड स्थित परचून की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ। इसी बीच, रातभर आग की घटनाओं के बीच दौड़ती दमकलों में से एक सिकंदरा क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवारों को चपेट में ले बैठी।

दीवाली की रात बीतते-बीतते जब तक शहर में राहत का माहौल बना, सुबह न्यू आगरा क्षेत्र के नगला पदी इलाके से एक और आगजनी की खबर आ गई — यहाँ हार्डवेयर की दुकान और उसके ऊपर बने दो मंजिला मकान में आग लग गई। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मेहनत के बाद लपटों पर काबू पाया गया।

ताजनगरी की इस “दीवाली ऑफ फायर” में जहां एक ओर शहर रोशनी से जगमगा रहा था, वहीं दूसरी ओर धुएं के बादल और दमकलों के सायरन इस उत्सव की रात को डर और चिंता में बदलते रहे। प्रशासन अब हर स्थल की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटा है।

SP_Singh AURGURU Editor