शारदा विवि का दीक्षारंभ : छात्रों को मिली आधुनिक तकनीक की प्रेरणा, भविष्य निर्माण का आह्वान
आगरा। शारदा विश्वविद्यालय में बुधवार को आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को एक साथ भारतीय सांस्कृतिक धरोहर की समृद्ध परंपरा और आधुनिक तकनीक की असीम संभावनाओं से रूबरू कराया। इस अवसर पर विद्वानों और अतिथियों ने छात्रों को प्रेरणा, प्रौद्योगिकी, नवाचार, साइबर सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने युवाओं में सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की नई ऊर्जा भरी।
कार्यक्रम की शुरुआत डीन छात्र कल्याण प्रो. शैलेंद्र सिंह ने स्वागत भाषण से की। उन्होंने विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान और सामाजिक प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
अमृतकाल और पंच प्रण पर पूर्व मुख्य सचिव के विचार
मुख्य अतिथि यूपी के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए पंच प्रण – विकसित भारत, स्वच्छ भारत, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व और कर्तव्य पालन पर विचार रखते हुए छात्रों को राष्ट्र के विकास पथ में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने भारत की जीडीपी और भविष्य की विकास संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
पुलिस कमिश्नर ने दिलाई तकनीकी चेतना
विशिष्ट अतिथि आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी की आवश्यकता पर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि भविष्य तकनीक-आधारित है और विद्यार्थियों को नई चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा।
भारतीय धरोहर और ब्रज संस्कृति पर कुलपति का संदेश
विवि की कुलपति प्रो. (डॉ.) जयंती रंजन ने ब्रज क्षेत्र की पौराणिकता, श्रीकृष्ण की लीलाओं और संत सूरदास की भक्ति परंपरा को विस्तार से बताते हुए विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक धरोहर से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
प्रॉ-चांसलर ने दिया विश्वगुरु बनने का मंत्र
प्रो-चांसलर वाईके गुप्ता ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, सेवा कार्य, इंट्राडिसीप्लिनरी शिक्षा और भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प से प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शारदा विश्वविद्यालय के छात्र विश्व की प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्य कर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देंगे।
नई ऊर्जा से ओत-प्रोत हुआ विश्वविद्यालय परिसर
चांसलर पीके गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर शुभकामनाएं भेजीं। इस मौके पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। दीक्षारंभ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नई दिशा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।