‘शिक्षा उदय’: रोटरी क्लब आगरा वंचित एक हजार बच्चों को बांटेगा बैग, शुरू हुई प्रेरक पहल

आगरा। रोटरी क्लब आगरा द्वारा बुधवार को ‘शिक्षा उदय’ कार्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए प्राइमरी स्कूल नगला पैमा में ज़रूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग और शिक्षा सामग्री वितरित की गई।

Jul 9, 2025 - 13:28
 0
‘शिक्षा उदय’: रोटरी क्लब आगरा वंचित एक हजार बच्चों को बांटेगा बैग, शुरू हुई प्रेरक पहल
रोटरी क्लब ऒफ आगरा द्वारा शिक्षा उदय कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को नगला पैमा के प्राइमरी स्कूल में भेंट किए गए बैग हाथों में लिए बच्चे।

यह कार्यक्रम रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 के मंडलाध्यक्ष की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उन्हें शैक्षणिक संसाधनों की सुविधा प्रदान करना है।

1000 बैग वितरण का संकल्प

कार्यक्रम में रोटरी क्लब अध्यक्ष रो दीनदयाल अग्रवाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए रोटरी के सेवा संकल्प को साझा किया और बताया कि इस वर्ष क्लब का उद्देश्य ज़िले भर में 1000 स्कूली बैग वितरित करना है, ताकि वंचित बच्चों को शिक्षा के मार्ग में आवश्यक सहयोग मिल सके।

शिक्षा सामग्री के साथ फ्रूटी भी दी गई

इस अवसर पर बच्चों को बैग के साथ-साथ दो कॉपियां, एक पेंसिल सेट और फ्रूटी वितरित की गई। शिक्षा सामग्री रो. विनय मोहन अग्रवाल द्वारा प्रदान की गई। कार्यक्रम में डॉ. आलोक मित्तल, रो. आशीष अग्रवाल, रो. राजीव लोचन भारद्वाज, रो. राज मित्तल और रो. सुनील कपूर की सक्रिय भागीदारी रही।

शिक्षकों की विशेष भूमिका

विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती दीपा राठौर, राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक श्रीकांत कुलश्रेष्ठ और शिक्षिका कनिका शर्मा ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, स्वच्छता और पढ़ाई के महत्व पर भी जागरूक किया।

SP_Singh AURGURU Editor