सावन का शिवमय समापनः भक्ति, अभिषेक और महाआरती से गूंजे मंदिर परिसर

आगरा। सावन मास की पवित्र पूर्णिमा तिथि पर शहर के विभिन्न मंदिरों में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और बम बम भोले के जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा। भक्तिभाव से सम्पन्न हुए रुद्राभिषेक, महाआरती, भजन संध्या और भव्य प्रसादी ने इस पावन अवसर को और भी विशेष बना दिया।

Aug 9, 2025 - 20:25
 0
सावन का शिवमय समापनः भक्ति, अभिषेक और महाआरती से गूंजे मंदिर परिसर
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर के शिवालय में भोलेनाथ की भक्ति के लिए पहुंचे श्रद्धालु।

श्री खाटू श्याम मंदिर के शिवालय में सावन में 121 रुद्राभिषेक

श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी परिसर स्थित शिवालय में सावन मास के दौरान हुए 121 रुद्राभिषेक का भव्य समापन हुआ। 108 अभिषेक के संकल्प से प्रारंभ यह आयोजन श्रद्धालुओं के सहयोग से 121 तक पहुंचा। शनिवार को अंतिम महारुद्राभिषेक हेमेंद्र अग्रवाल, सीमा अग्रवाल एवं यश अग्रवाल द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न किया गया। भगवान भोलेनाथ के जयकारों और वेद मंत्रों की पावन ध्वनि के बीच हुई महाआरती में विपिन बंसल, विकास गोयल, आकाश गुप्ता, अनूप गोयल, संतोष गुप्ता, दिनेश सिंघल आदि मौजूद रहे। समापन के बाद विशेष प्रसाद और पूरी-सब्जी की प्रसादी का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में खाटू नरेश का रंग-बिरंगे फूलों से श्रृंगार भी आकर्षण का केंद्र रहा।

अपर्णा रिवर व्यू अपार्टमेंट मंदिर में रुद्राभिषेक

दयालबाग स्थित अपर्णा रिवर व्यू अपार्टमेंट के मंदिर में रुद्राभिषेक महोत्सव का समापन आध्यात्मिक उल्लास के साथ हुआ। इस अवसर पर विशाल भंडारा, अलौकिक श्रृंगार, महाआरती और 56 भोग का भव्य अर्पण किया गया। आरती के बाद महाप्रसादी का वितरण हुआ। भजन संध्या में स्थानीय भजन गायकों ने भोलेनाथ की महिमा का गुणगान किया, वहीं आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “बम बम भोले” के जयकारों ने माहौल को पूरी तरह शिवमय बनाए रखा।

SP_Singh AURGURU Editor