आगरा के सौरा बाबा मंदिर से शिव प्रतिमा और दान पेटियां गायब, भक्तों में आक्रोश
आगरा। यमुना पार क्षेत्र के नगला देवजीत स्थित एक मंदिर से शिव जी की पीतल की प्रतिमा को चोर चोरी कर ले गए। सुबह मंदिर के पुजारी ने पुलिस को चोरी की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र के नगला देवजीत में सौरा बाबा का 50 साल पुराना मंदिर है। इसी मंदिर में शिव परिवार स्थापित है। आज सुबह भक्तगण जब मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो देखा की भगवान शिव की पीतल की मूर्ति गायब है। मंदिर की दान पेटियां भी नहीं थीं।
मंदिर पहुंचे भक्तों ने मंदिर के पास ही रहने वाले पुजारी साहब सिंह को इसकी जानकारी दी। पुजारी ने चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुजारी ने बताया कि मंदिर में तीन दान पेटियां थीं और तीनों ही गायब हैं। भगवान शिव की प्रतिमा लगभग सवा दो फीट की थी। उसे भी चोर ले गए हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि शिवलिंग पर लगे शिव के चेहरे को भी चोर ले गए हैं। मंदिर में और भी कई मूर्तियां हैं, लेकिन वो सुरक्षित हैं। मंदिर में चोरी की सूचना पर आस पास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने पुजारी से तहरीर लेकर चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रहा है।