सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में जूता फेंका गया, चाकू से हमले की कोशिश, समर्थकों ने आरोपी को दबोचकर पीटा
नई दिल्ली। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर जूता फेंका और कथित तौर पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। घटना के दौरान वहां मौजूद समर्थकों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी के साथ हाथापाई और सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करते हुए देखा जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव दिल्ली स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति कथित तौर पर उनके पास पहुंचा और उन पर जूता फेंका। इसके बाद चाकू से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, वहां मौजूद समर्थकों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच अचानक हंगामा खड़ा हो जाता है। समर्थक कथित हमलावर को पकड़कर मारपीट करते नजर आते हैं। इस दौरान सांसद पप्पू यादव भी आरोपी को पकड़े हुए दिखाई देते हैं, जबकि सुरक्षाकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपी को भीड़ से बचाने का प्रयास करते हैं।
'हम डरने वाले नहीं हैं' : पप्पू यादव
हमले की घटना के बाद पप्पू यादव ने मीडिया से कहा, हम डरेंगे नहीं। जिसको मारना हो मार दे। आप लोगों के सामने हमला किया गया है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस मामले में एफआईआर दर्ज कराएंगे, तो उन्होंने कहा, हम पहले भी कई बार एफआईआर करवा चुके हैं। मेरे वकील भी यहां मौजूद हैं। उनके इस बयान से संकेत मिला कि घटना को लेकर आगे कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
राम मंदिर चंदा मामले पर सरकार पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव ने राम मंदिर चंदा मामले को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, मेरा क्या गुनाह है? गुनाह तो चंपत राय का है। हमारा क्या गुनाह है? क्या हमने चोरी की है? शंकराचार्य को ये लोग पीटते हैं, संतों को ये लोग पीटते हैं, चोरी ये लोग करते हैं।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्माने की संभावना जताई जा रही है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित हमलावर को समर्थकों द्वारा पकड़कर पीटते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, इस मामले में हमले की परिस्थितियों, आरोपी की पहचान और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।