गोवर्धन में श्री गिरिराज सेवा मंडल ने लगाई भव्य अरदास, 56 भोग महोत्सव की तैयारियां शुरू
आगरा। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार की ओर से आगामी 29 दिसंबर को गोवर्धन की पावन धरती पर आनंदमय 56 भोग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए तैयारियां मंडल के पदाधिकारी व सदस्य जोर-शोर से शुरू कर चुके हैं।
संस्थापक नितेश अग्रवाल ने बताया कि छप्पन भोग मनोरथ को सफल बनाने हेतु सोमवार को गोवर्धन में श्री गिरिराज महाराज के चरणों में अरदास की गई। आगरा से गोवर्धन पहुंचने पर सबसे पहले साधु सेवा, फिर गिरिराज महाराज का श्रृंगार और अभिषेक हुआ, उसके बाद भजन-कीर्तन किया गया। महाअभिषेक काष्णि आश्रम के व्यवस्थापक राष्ट्रीय संत हरिओम महाराज ने करवाया।
अध्यक्ष अजय सिंघल ने बताया कि भावविभोर महिलाएं अपने घर से स्वनिर्मित थालों में भोग लेकर आईं और भावपूर्ण श्रद्धा के साथ गिरिराज महाराज को अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने भजन- छटा तेरी तीन लोक से न्यारी है श्री गोवर्धन महाराज....और गोवर्धन धारी श्याम आपकी शोभा हैं न्यारी... आदि गाये।
इस अवसर पर संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह संस्थापक मयंक अग्रवाल, महंत कपिल नागर, अध्यक्ष अजय सिंघल, महासचिव विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विशाल बंसल, कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मण अग्रवाल, तथा अन्य सदस्य चंद्रमोहन, रुचि बंसल, विशाल वर्मा, विकास जैन, पुनीत जैन, नीरज मित्तल, शिवानी सिंघल, नरेंद्र गर्ग, संतोष अग्रवाल उपस्थित रहे।