एमडी जैन ग्राउंड में श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान का समापन, भव्य रजतमय रथयात्रा निकाली गई

आगरा। हरीपर्वत क्षेत्र सोमवार को भक्ति, उल्लास और शांति के सुरों से गूंज उठा जब स्व. स्वरूपचंद जैन मारसंस की पावन स्मृति में आयोजित श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान का भव्य समापन हुआ। 24 अक्टूबर से आरंभ यह आयोजन मारसंस परिवार द्वारा आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य एवं विधानाचार्य पं. आनंद प्रकाश जैन शास्त्री के मार्गदर्शन में विधिपूर्वक सम्पन्न कराया गया।

Nov 3, 2025 - 20:15
 0
एमडी जैन ग्राउंड में श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान का समापन, भव्य रजतमय रथयात्रा निकाली गई
एमडी जैन ग्राउंड में श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान के समापन पर सोमवार को हुए कार्यक्रमों की एक झलक।

विश्वशांति के लिए हुआ महायज्ञ

अष्टान्हिका महापर्व के अंतर्गत आयोजित इस विधान के अंतिम दिवस की शुरुआत नित्य-नियम पूजन एवं आराधना से हुई। तत्पश्चात विश्वशांति महायज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां समर्पित कर अहिंसा, करुणा और सद्भावना की कामना की। पूरा परिसर अहिंसा परमो धर्मः के उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा।

ऐरावत पर श्रीजी की निकली भव्य रथयात्रा

प्रातः 10:30 बजे श्रीजी की प्रतिमाओं को ऐरावत हाथी पर विराजमान कर रजतमय रथयात्रा निकाली गई, जो आज़ाद पेट्रोल पंप रोड, संजय प्लेस, सेंट पीटर्स स्कूल मार्ग से होती हुई मुख्य पंडाल तक पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवृष्टि कर जयघोष किए। रथयात्रा के दौरान पूरा मार्ग भक्ति, उल्लास और श्रद्धा से आलोकित दिखाई दिया।

इंद्रध्वज आत्मा की ऊर्ध्व यात्रा का प्रतीक

मुख्य पंडाल पहुंचने पर सम्मान समारोह और धन्यवाद ज्ञापन हुआ। इस अवसर पर आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि इंद्रध्वज विधान आत्मा की ऊर्ध्व यात्रा और आंतरिक शुद्धि का प्रतीक है। जब मनुष्य अपनी वासनाओं पर विजय प्राप्त करता है, तभी वह सच्चे इंद्रत्व की ओर अग्रसर होता है। यह विधान आत्मकल्याण और विश्वकल्याण की प्रेरणा देता है।

समारोह का समापन मारसंस परिवार, आगरा द्वारा आयोजित वात्सल्य भोज से हुआ जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर पूरा हरीपर्वत क्षेत्र भक्ति, शांति और उल्लास की आभा से आलोकित हो उठा।

इस मौके पर विमलेश जैन, नितिन जैन, अशोक जैन, राजेंद्र जैन, सुनील जैन, हुकुम जैन, पंकज जैन, कमल ठोलिया, संजय जैन, अजीत जैन, ऊषा जैन, मेघना जैन, नीलू जैन, निशि जैन, अंजू जैन, वंदना जैन, सुरेंद्र बिलाला, मीडिया प्रभारी शुभम जैन समेत जैन समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor