कमला नगर के दो जैन मंदिरों में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ, पालकीयात्रा–घटयात्रा और भव्य शोभायात्राओं की गूंज
आगरा। अष्टानिका महापर्व के अवसर पर कमला नगर क्षेत्र में जैन धर्म की आध्यात्मिक परंपराओं का भव्य दर्शन देखने को मिला। श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ दो जैन मंदिरों में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ हुआ। पालकीयात्रा, घटयात्रा, रथयात्रा, ध्वजारोहण और शांतिधारा जैसे मांगलिक अनुष्ठानों ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय वातावरण से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
कमला नगर, शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में भव्य आयोजन
कमला नगर स्थित शालीमार एन्क्लेव जैन मंदिर में 23 फरवरी से 3 मार्च तक आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ सोमवार को हुआ। यह आयोजन उपाध्यायश्री विहसंतसागर महाराज एवं मुनिश्री विश्वसाम्य सागर महाराज ससंघ के सानिध्य तथा पुण्यशाली पारस जैन कांसल एवं मधु जैन कांसल परिवार के सौजन्य से संपन्न हो रहा है।
प्रातः 8 बजे भगवान आदिनाथ की भव्य पालकीयात्रा एवं घटयात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में पहुंची। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ प्रभु का स्वागत किया। इसके उपरांत सौभाग्यशाली भक्तों द्वारा अभिषेक एवं शांतिधारा कर विश्व शांति और जनकल्याण की कामना की गई।
ध्वजारोहण का पुण्यलाभ अनिल जैन एवं रेखा जैन परिवार को प्राप्त हुआ। बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया जी के कुशल निर्देशन में प्रथम दिवस की समस्त मांगलिक क्रियाएं विधिपूर्वक संपन्न कराई गईं। मंदिर परिसर मंत्रोच्चार और भक्तिमय संगीत से गूंज उठा। इस अवसर पर पारस जैन कांसल, संभव जैन कांसल, गौरव जैन, विनीत जैन, अभिषेक जैन, अजीत जैन, महावीरप्रसाद जैन सहित कमला नगर जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि 24 फरवरी से प्रतिदिन पूजन, अभिषेक, शांतिधारा और प्रवचन होंगे।
ग्रेटर कमला नगर में शोभायात्रा के साथ विश्व शांति महायज्ञ

कमला नगर डी ब्लाक में निकाली गई श्री जी रथयात्रा की एक झलक।
इसी क्रम में ग्रेटर कमला नगर जैन समाज एवं कमला नगर महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ।
प्रथम दिवस पर भव्य घटयात्रा एवं श्रीजी की रथयात्रा निकाली गई, जिसमें सुसज्जित रथ पर विराजमान श्रीजी की प्रतिमा के दर्शन को श्रद्धालु उमड़ पड़े। ध्वजारोहण का सौभाग्य प्रदीप जैन एवं अभिनंदन जैन पीएनसी परिवार को मिला, जबकि मंगल कलश की स्थापना सीए विजय गोयल एवं सीए रश्मि गोयल ने की।
महिलाओं द्वारा मंगल कलश धारण कर शोभायात्रा में सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। समस्त मांगलिक क्रियाएं पंडित राकेश जैन शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुईं। मनोज जैन बाकलीवाल ने बताया कि यह विधान 23 फरवरी से 4 मार्च 2026 तक पूजन, अनुष्ठान एवं प्रवचनों के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, दिलीप जैन, राकेश जैन बजाज, सुशील जैन सहित ग्रेटर कमला नगर जैन समाज की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।