डिफेंस एस्टेट में भव्य कलश यात्रा संग शुरू हुई श्रीमद भागवत कथा

आगरा। डिफेंस एस्टेट, फेस−1 स्थित श्रीराम पार्क में राजेंद्र प्रसाद गोयल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा आज से शुरू हो गई। कथा व्यास अतुल कृष्ण भारद्वाज ने पहले दिन ज्ञान, वैराग्य और भक्ति पर उपदेश दिया।

Feb 6, 2025 - 19:18
 0
डिफेंस एस्टेट में भव्य कलश यात्रा संग शुरू हुई श्रीमद भागवत कथा
राजेंद्र प्रसाद गोयल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा डिफेंस एस्टेट फेस-1 स्थित पार्क में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में निकाली गई कलश यात्रा की एक झलक।

− कथा व्यास अतुल कृष्ण भारद्वाज प्रतिदिन देंगे भवगत प्राप्ति का उपदेश, 8 और 10 को होगी रासलीला भी

कथा से पूर्व 501 कलशों के साथ भव्य और दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश लेकर पीत वस्त्र धारण कर महिलाएं दुर्गा मंदिर से बैंड बाजों के साथ चलीं। दीपक गोयल, तनु गोयल, रवि गोयल, मनमोहन गोयल, पवन गोयन, भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, कल्याण प्रसाद मंगल, राजेश मित्तल, पंकज बंसल आदि साथ चलकर व्यवस्थाएं संभाल रहे थे।

कथा के दौरान कथा व्यास कथा व्यास अतुल कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा हमारी जीवन पद्धति की सभी समस्याओं का निदान है। यह कथा हमें जीवन के सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भागवत कथा के माध्यम से हमें जीवन के सही मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

नाम जप की महिमा का वर्णन करते हुए व्यास जी ने कहा कि प्रभु के नाम को भजकर ही भक्त प्रहलाद, बालक ध्रुव, मीराबाई, सन्त रविदास, कबीरदास, चैतन्य महाप्रभु सभी इस भवसागर से पार हो गए। नाम की महिमा के कारण ही लाखों अंग्रेज वैष्णव हो गए। विश्व के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता स्टीफन स्पील वर्ग, जूलिया राबर्ट्स प्रसिद्ध अभिनेत्री, लन्दन के उद्योगपति फोर्ड इत्यादि सभी हिन्दू धर्म स्वीकार कर वैष्णव हो गए।

श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 2 से सायं 6 बजे तक होगी। द्वितीय दिवस शुक्रवार को सृष्टि रचना, नारद चरित्र, परीक्षित जन्म एवं सुखदेव आगमन के प्रसंग होंगे। कथा के दौरान व्यास जी विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से जीवन के सही मूल्यों को समझाने का प्रयास करेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor