गिरिराज धरण की शरण में श्याम रस बरसा, अन्नकूट महोत्सव में भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम

आगरा। भक्ति, प्रेम और आनंद से ओत-प्रोत वातावरण में शुक्रवार की संध्या को शास्त्रीपुरम स्थित दिव्या रिजॉर्ट ब्रजधाम का आभास करा रहा था। दीपों की झिलमिलाहट, पुष्पों की सुगंध और भक्ति संगीत के स्वर मिलकर ऐसा दिव्य दृश्य निर्मित कर रहे थे मानो स्वयं गिरिराज धरण और खाटू श्याम पधारे हों। अवसर था श्री गिरिराज जी सेवक मण्डल परिवार, आगरा द्वारा आयोजित वार्षिक अन्नकूट महोत्सव एवं खाटू श्याम भजन संध्या का, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा।

Oct 24, 2025 - 22:31
 0
गिरिराज धरण की शरण में श्याम रस बरसा, अन्नकूट महोत्सव में भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम
शास्त्रीपुरम स्थित दिव्या रिसॉर्ट में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल द्वारा आयोजित अन्नकूट महोत्सव में जयपुर से पधारी प्रसिद्ध भजन गायिका उमा लहरी के श्याम नाम के भजनों पर झूमतीं महिलाएं।  

कार्यक्रम की शुरुआत श्री गिरिराज जी सेवक मण्डल के चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल और नीरज कुमार अग्रवाल द्वारा भगवान श्री गोवर्धन महाराज की आरती कर की गई। आरती के साथ गिरिराज धरण के गगनभेदी जयघोष गूंज उठे और वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो गया।

इसके उपरांत खाटू श्याम भजन संध्या का आरंभ हुआ। श्याम दरबार की ज्योति प्रज्ज्वलन मनीष अग्रवाल, गौरव बंसल, मनीष बंसल, अभिषेक सिंघल, नितिन अग्रवाल एवं अनुप गोयल ने संयुक्त रूप से की। पुष्पों और रोशनी से सुसज्जित दरबार में श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते नजर आए।

जयपुर से पधारी प्रसिद्ध भजन गायिका उमा लहरी ने अपनी मधुर वाणी में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने- श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम...,गोवर्धन गिरिधारी लाला...,श्याम के दीवाने...जैसे भजनों ने वातावरण को भक्ति भाव से भर दिया।

भक्तों ने कार्यक्रम स्थल पर बने गोवर्धन महाराज के दिव्य स्वरूप की परिक्रमा की और अन्नकूट प्रसादी का आनंद लिया। दीपों की रौशनी, पुष्प वर्षा और संगीत ने संध्या को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से गिरिराज धरण हम तेरी शरण... और श्याम नाम की महिमा अपरंपार.. का संकीर्तन किया।

योगेश बंसल, आर.एस. गुप्ता, रजनीश गुप्ता, बृजमोहन रैपुरिया, करण गोयल, विष्णु गोयल, प्रदीप अग्रवाल, सुबोध यादव, राकेश सिंघल (मोनू भाई), सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, उर्मिला महेश्वरी, कविता अग्रवाल, मनीषा गोयल, प्राची अग्रवाल, रिंकल बंसल, सोनाली बंसल, श्वेता बंसल, निधि बंसल, हेमेंद्र अग्रवाल (चुनमुन भाई), संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor